जमशेदपुर : जमशेदपुर से सटे हुए इलाके सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी अंतर्गत डोबो रोड मैं रविवार के सुबह 7 बजे हुई है. जानकारी के अनुसार, नीमडीह थाना क्षेत्र के आदरडीह निवासी 30 वर्षीय उज्ज्वल मंडल अपनी मोटरसाइकिल संख्या जेएच 05बीए 7123 से काम खत्म कर घर लौट रहे थे. इसी दौरान सामने से 4 से 5 बाइक पर सवार राइडर्स तेज रफ्तार में आ रहे थे. इसी क्रम में एक बाइक सवार ने उज्ज्वल मंडल की मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि उज्ज्वल मंडल ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया. वहीं, उनके साथ बाइक पर सवार बंसीधर मंडल को हल्की चोटें आई हैं. (नीचे देखे पूरी खबर)

बताया जा रहा है कि इस घटना में एक राइडर भी घायल हुआ है. घटना के संबंध में भूषण महतो ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ जा रहे थे. इसी दौरान उनका परिवार भी बाइक राइडर्स की चपेट में आ गया. हालांकि, गनीमत रही कि उन्हें और उनके परिजनों को मामूली चोटें आईं और एक बड़ा हादसा टल गया. घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल लोगों की जानकारी लेने के साथ आवश्यक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है. इस हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि उज्ज्वल मंडल महज 30 वर्ष के थे. (नीचे देखे पूरी खबर)

वह शादीशुदा थे और उनके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं. बताया जा रहा है कि वह दीपावली के मौके पर बच्चों के लिए मिठाई और फल लेकर घर लौट रहे थे. घर में पूजा की तैयारी हो रही थी और परिवार को उनके आने का इंतजार था. लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था. जिस पिता के लौटने की राह उनके बच्चे देख रहे थे, वह अब कभी घर नहीं लौटेगा. इस घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है. गौरतलब है कि डोबो रोड पर सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है. कुछ दिन पहले भी इसी सड़क पर लाया मुखी और सुभाष कर्मकार की सड़क दुर्घटना में जान जा चुकी है. लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद तेज रफ्तार बाइक चलाने वालों पर नियंत्रण को लेकर सवाल उठ रहे हैं. चांडिल पूर्वी के मंडल अध्यक्ष राहुल मंडल और कपाली नगर परिषद के वार्ड संख्या 21 के पार्षद साधन मंडल के अनुसार, डोबो रोड पर तेज रफ्तार बाइक राइडर्स के कारण आम लोगों की सुरक्षा खतरे में पड़ रही है.














