जमशेदपुर : जमशेदपुर के मानगो उलीडीह ओपी क्षेत्र में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में पेंटिंग का काम कर रहे मजदूर की जान चली गई. घर की दूसरी मंजिल पर काम करने के दौरान अचानक नीचे गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इलाज के दौरान रिम्स में उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान मानगो की डिमना बस्ती निवासी गुरुवा तांती 54 के रूप में हुई है. (नीचे देखे पूरी खबर)

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 11 बजे गुरुवा तांती एक घर में पेंटिंग का काम कर रहे थे. इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह दूसरी मंजिल से सीधे नीचे गिर पड़े. हादसे में उन्हें गंभीर चोटें आईं. घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया गया. (नीचे देखे पूरी खबर)

रिम्स में इलाज के दौरान शनिवार शाम करीब चार बजे उन्होंने दम तोड़ दिया. मौत की सूचना मिलने के बाद परिजन शव को लेकर जमशेदपुर पहुंचे. रविवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. हादसे के बाद मृतक के परिवार में मातम पसरा हुआ है.












