जमशेदपुर : जमशेदपुर के जुगसलाई थाना क्षेत्र के पुरानी बस्ती रोड स्थित मुखी समाज बस्ती में शनिवार देर रात नशाखोरी और जुए की शिकायतों को लेकर पुलिस ने सख्ती दिखाई. स्थानीय लोगों की लगातार शिकायतों और इलाके में बढ़ती अवैध गतिविधियों के विरोध के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस की कार्रवाई के दौरान बस्ती में कुछ लोगों ने विरोध जताना शुरू कर दिया. इसी दौरान टाइगर मोबाइल के जवान सलमान और स्थानीय लोगों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई. (नीचे देखे पूरी खबर)

दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस चलती रही, जिससे मौके पर कुछ समय के लिए तनावपूर्ण स्थिति बन गई. घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल हंगामेदार हो गया. हालांकि, पुलिसकर्मियों ने संयम बरतते हुए स्थिति को संभाला. पुलिस की ओर से स्पष्ट चेतावनी दी गई कि इलाके में नशाखोरी, जुआ और किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. ऐसी गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. वहीं, स्थानीय निवासियों का आरोप है कि बस्ती में नशाखोरी और जुए की गतिविधियों का असर युवाओं पर पड़ रहा है. इससे न केवल युवा गलत रास्ते पर जा रहे हैं, बल्कि बस्ती का सामाजिक वातावरण भी खराब हो रहा है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से नियमित गश्ती बढ़ाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ लगातार अभियान चलाने की मांग की है.













