जमशेदपुर : टाटा स्टील के बोर्ड मीटिंग के दौरान निवेशकों के लिए एक प्रेजेंटेशन जारी किया गया है. इसमें कंपनी की सुरक्षा को लेकर कई बातों पर चर्चा की गयी है. इसमें बताया गया है कि टाटा स्टील लिमिटेड अपने कर्मचारियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और ”जीरो हार्म” के लक्ष्य को प्राप्त करने की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है. कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 15 वर्षों में कंपनी के एलटीआइएफआर (लॉस्ट टाइम इंजरी फ्रिक्वेंसी रेट – प्रति दस लाख कार्य घंटों में चोट के कारण काम से दूर रहने की दर) में 19 फीसदी की कमी दर्ज की गई है, जो सुरक्षा मानकों के प्रति उसकी मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यस्थल पर सुरक्षा और स्वस्थ कार्यबल को बढ़ावा देने के लिए कंपनी द्वारा कई व्यापक कदम उठाए जा रहे हैं. इसके तहत कंपनियों और नियामकों के साथ ज्ञान साझा करने के उद्देश्य से ”सेफ्टी कनेक्ट” सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें 15 से अधिक कंपनियों ने हिस्सा लिया. संकट की स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया और कार्यकुशलता को मजबूत करने के लिए ऑनसाइट मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया. कर्मचारियों के मानसिक स्वास्थ्य पर जोर देते हुए ”मेंटल हेल्थ मैटर्स” सत्र आयोजित किए गए, साथ ही फर्स्ट एड (प्राथमिक उपचार) और सीपीआर का प्रशिक्षण भी दिया गया. हालांकि, सारे सेफ्टी के मानको को पूरा करने के बावजूद कंपनियों में मौतों की संख्या में इजाफा दर्ज किया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
बीते वित्तीय वर्ष 2025-2026 के पूरे साल में 6 मौतें हुई थी जबकि चालू वित्तीय वर्ष यानी अप्रैल से लेकर सितंबर 2026 तक में अब तक विभिन्न प्लांट में कुल 6 लोगों की मौत हो चुकी है. लेकिन यह भी देखना होगा कि कंपनी की साइज देश और दुनिया में बढ़ी है, जिस कारण भी संख्या में बढ़ोत्तरी दर्ज हुई है. जारी किये गये आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2022-2023 में कुल 5 मौत, वित्तीय वर्ष 2023-2024 में 4 मौत, वित्तीय वर्ष 2024-2025 में 5 मौत, वित्तीय वर्ष 2025-2026 में कुल 6 मौत और फिर 2026-2027 में अब तक यानी सितंबर 2026 तक में 6 मौत हो चुकी है.












