पटमदा: बोड़ाम थाना क्षेत्र के जामबनी गांव के पास सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की जान चली गई. सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन से मोपेड की जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में मोपेड सवार युवक को सिर में गंभीर चोट लगी और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई. मृतक की पहचान भूला गांव निवासी युधिष्ठिर महतो के इकलौते पुत्र सुजय महतो (19) के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, सुजय रविवार रात अपने पुराने घर जामबनी गया हुआ था. सोमवार सुबह करीब 6:30 बजे वह मोपेड से अपने वर्तमान घर भूला डुंगरी लौट रहा था. इसी दौरान भूला-भुईयांसिनान मुख्य सड़क पर जामबनी गांव के समीप उसकी मोपेड अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन से जा टकराई. (नीचे भी पढ़ें)

टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुजय के सिर में गंभीर चोट आई. हादसे के बाद घटनास्थल पर काफी खून बह गया और उसने वहीं दम तोड़ दिया. दुर्घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. सूचना मिलने पर बोड़ाम थाना की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. वहीं, ग्रामीणों ने हादसे के लिए सड़क किनारे खड़े पिकअप वैन को जिम्मेदार ठहराया है. उनका आरोप है कि सागर महतो का पिकअप वैन सड़क किनारे खड़ा था, जिसके कारण यह दुर्घटना हुई. घटना के बाद मृतक के परिजनों में आक्रोश है. बताया जाता है कि सुजय एक टेंट हाउस में काम कर अपने परिवार का सहयोग करता था. परिवार का इकलौता चिराग बुझ जाने से घर में मातम पसरा हुआ है. जवान बेटे की अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.













