जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधिकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन के अथक प्रयासों से 114 बेड वाले अत्याधुनिक कैंसर रेस्ट हाउस का सपना साकार हुआ. जमशेदपुर के धातकीडीह स्थित कैंसर अस्पताल के सामने इसको बनाया गया है. इस ऐतिहासिक कैंसर रेस्ट हाउस का उदघाटन टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज, डीबी सुंदरा रामम औऱ टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव कुमार चौधरी (टुन्नू चौधरी) द्वारा संयुक्त रूप से किया गया. यह रेस्ट हाउस झारखण्ड का सबसे बड़ा है, जहां मरीजों के परिजनों को सस्ते दर पर रहने की व्यवस्था होगी. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस गौरवपूर्ण अवसर पर यूनियन के महासचिव सतीश सिंह, डिप्टी प्रेसिडेंट शैलेश सिंह, सभी पदाधिकारीगण एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अनेक कमिटी मेंबर उपस्थित रहे और इस ऐतिहासिक उपलब्धि के साक्षी बने. यह प्रोजेक्ट टिमकेन फाउंडेशन, टाटा स्टील और टाटा स्टील फाउंडेशन (टीएसएफ) द्वारा संयुक्त रूप से वित्तपोषित है, जबकि इसके संचालन और क्रियान्वयन की जिम्मेदारी टाटा वर्कर्स यूनियन (टीडब्लूयू) को दी गई है. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस रेस्ट हाउस की आधारशिला टाटा वर्कर्स यूनियन के तत्कालीन अध्यक्ष आर रवि प्रसाद के समय रखी गयी थी. यह ऐतिहासिक पहल कैंसर से पीड़ित मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए राहत, सहयोग और उम्मीद की एक नई किरण लेकर आई है. दीपावली के पावन अवसर पर यह उपहार केवल एक भवन नहीं, बल्कि मानवता, सेवा और संवेदनशीलता का प्रतीक है. कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे मरीजों को बेहतर आवासीय सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक अत्यंत सराहनीय एवं जनहितकारी कदम है. इस कैंसर रेस्ट हाउस में 114 बेड के साथ आधुनिक सुविधाओं एवं केबिन की व्यवस्था उपलब्ध है, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को आरामदायक एवं सुविधाजनक वातावरण मिल सकेगा. इस महत्वपूर्ण परियोजना को सफल बनाने में टाटा स्टील का सहयोग एवं योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण और सराहनीय रहा है. टाटा स्टील के निरंतर सहयोग एवं टाटा वर्कर्स यूनियन के अथक प्रयासों के संयुक्त परिणामस्वरूप यह जनहितकारी सपना साकार हो पाया है. (नीचे देखे पूरी खबर)
यह उपलब्धि टाटा वर्कर्स यूनियन के दूरदर्शी नेतृत्व, निरंतर प्रयासों एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का परिणाम है. यूनियन ने एक बार फिर साबित किया है कि वह केवल श्रमिकों के अधिकारों की रक्षा ही नहीं, बल्कि समाज के जरूरतमंद लोगों के कल्याण के लिए भी सदैव तत्पर है. इस ऐतिहासिक एवं जनहितकारी कार्य के लिए टाटा वर्कर्स यूनियन के समस्त नेतृत्वकर्ताओं, पदाधिकारियों एवं सहयोगियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गयी.












