जमशेदपुर : दिवाली का त्योहार संपन्न होते ही शहर में लोक आस्था के महापर्व छठ की तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं. घरों में साफ-सफाई से लेकर पूजा सामग्री की खरीदारी का सिलसिला शुरू हो गया है. छठ महापर्व में शुद्धता और पवित्रता का विशेष महत्व होने के कारण प्रसाद तैयार करने के लिए इस्तेमाल होने वाले पारंपरिक मिट्टी और गोबर के चूल्हों की मांग भी बढ़ने लगी है. इसी को देखते हुए जमशेदपुर के हांडी लाइन बाजार में छठ पूजा के लिए विशेष रूप से तैयार किए गए पारंपरिक चूल्हे बिक्री के लिए पहुंच चुके हैं. बाजार में मिट्टी, गोबर, पुआल और कुटी से बनाए गए ये चूल्हे लोगों का ध्यान आकर्षित कर रहे हैं. इनका इस्तेमाल मुख्य रूप से छठ का प्रसाद ठेकुआ, पुआ, खीर सहित अन्य पकवान बनाने में किया जाता है. इस वर्ष इन चूल्हों की कीमत 120 से 150 रुपये तक रखी गई है. आकार के अनुसार इन पर लगभग 15 से 25 किलो तक प्रसाद तैयार किया जा सकता है. यही वजह है कि परिवार के सदस्यों की संख्या और प्रसाद की जरूरत के हिसाब से लोग चूल्हों की खरीदारी करते हैं. (नीचे भी पढ़ें)

तीन महीने पहले से शुरू हो जाती है तैयारी : पारंपरिक चूल्हा बनाने वाली दीपिका देवी बताती हैं कि छठ के लिए चूल्हे तैयार करना सामान्य काम नहीं है. इसमें पवित्रता और विशेष सावधानी का ध्यान रखा जाता है. चूल्हा बनाने से पहले सुबह स्नान करने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू किया जाता है. मिट्टी, गोबर, पुआल और कुटी को मिलाकर चूल्हे को मजबूत आकार दिया जाता है. उन्होंने बताया कि इन चूल्हों को बनाने की प्रक्रिया करीब तीन महीने पहले शुरू हो जाती है. चूल्हे का आकार बड़ा होने के कारण इन्हें तैयार करने और पूरी तरह सुखाने में काफी समय लगता है. अच्छी तरह नहीं सूखने पर इस्तेमाल के दौरान इनके टूटने का खतरा रहता है. इसलिए इन्हें पहले से बनाकर सुरक्षित रखा जाता है. (नीचे भी पढ़ें)
परंपरा से जुड़ी है आस्था : छठ पूजा में शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है. यही कारण है कि आज भी कई परिवार गैस चूल्हे के बजाय पारंपरिक मिट्टी और गोबर से बने चूल्हों पर ही छठ का प्रसाद बनाना पसंद करते हैं. इन चूल्हों पर तैयार प्रसाद भगवान सूर्य और छठी मैया को अर्पित किया जाता है. हांडी लाइन बाजार में चूल्हों की बिक्री शुरू होने के साथ ही शहर में छठ महापर्व की रौनक दिखाई देने लगी है. दुकानदारों ने भी अपनी तैयारियां पूरी कर ली हैं और अब उन्हें ग्राहकों का इंतजार है.












