जमशेदपुर : टाटा स्टील के लाइम प्लांट परिसर में दीपावली का पावन पर्व हर्षोल्लास, उमंग और आपसी सौहार्द के वातावरण में मनाया गया. इस अवसर पर पूरे प्लांट परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा दीपावली की खुशियों ने कार्यस्थल को उत्सवमय बना दिया. कार्यक्रम में टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु, चीफ लाइम प्लांट राजेश कुमार, हेड सुमित होता, आइइएम हेड अर्घ्यब देव, मैकेनिकल हेड विवेक शर्मा, कमेटी मेंबर निखिल कुमार एवं सुब्रत कुमार स्वाईं की गरिमामयी उपस्थिति रही. इस आयोजन का विशेष आकर्षण महिला कर्मचारियों द्वारा बनाई गई मनमोहक एवं रंग-बिरंगी रंगोलियां रहीं. (नीचे भी पढ़े)
उनकी रचनात्मकता, कलात्मकता और उत्साह ने पूरे परिसर को एक सुंदर एवं पारंपरिक स्वरूप प्रदान किया. सभी ने महिला कर्मचारियों के इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा की. इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं यूनियन प्रतिनिधियों ने सभी कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि, स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना की. साथ ही आपसी सहयोग, एकजुटता और टीम भावना को मजबूत बनाने का संदेश दिया. यह आयोजन केवल दीपावली उत्सव तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसने कार्यस्थल पर पारिवारिक अपनापन, आपसी सद्भाव और सामूहिक सहभागिता की भावना को भी और मजबूत किया.












