जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में एक अनोखी संगीतमय शाम का आयोजन होने जा रहा है. स्कूल की ओर से ‘भजन जैमिंग – व्हेन भजन्स टेल अ स्टोरी’ नामक भक्ति और भारतीय संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. यह आयोजन 17 नवंबर 2026, मंगलवार को शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल के परिसर स्थित कुसुम कमानी ऑडिटोरियम जमशेदपुर में होगा.
राम विवाह की कथा का होगा आधुनिक मंचन –
कार्यक्रम के केंद्र में रामायण के सबसे प्रिय प्रसंगों में से एक ‘राम विवाह’ की कथा है, जिसे संगीत के माध्यम से एक नए और समकालीन अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा. इसमें पारंपरिक भक्ति संगीत और आधुनिक एनर्जेटिक साउंड का संगम देखने को मिलेगा, जहां दर्शक सिर्फ कथा को देखेंगे ही नहीं, बल्कि साथ-साथ भजन गा भी सकेंगे.
कोलकाता के डीजे म्यूजिकल वाइब्स देंगे प्रस्तुति –
शाम की अगुवाई डीजे धनंजय फुंभरा और उनकी टीम ‘डीजे म्यूजिकल वाइब्स’ करेंगे. यह कोलकाता का प्रसिद्ध ग्रुप है जो भक्ति संगीत को अपने खास अंदाज में प्रस्तुत करता है. कार्यक्रम में एक विशेष ‘मेनिफेस्टेशन रिचुअल – मेक अ विश’ भी रखा गया है, जो आत्मचिंतन, भक्ति और भविष्य की उम्मीदों पर केंद्रित होगा.
इसे लेकर गुरुवार को प्रेंस कांफ्रेंस किया गया. स्कूल प्रबंधन के अनुसार इस कार्यक्रम का उद्देश्य सिर्फ एक सामान्य कॉन्सर्ट नहीं, बल्कि एक ऐसी शाम बनाना है, जहां भक्ति उत्सव बन जाए और राम विवाह की कालजयी कथा हर श्रोता को और भी करीब और आनंददायक लगे.












