जमशेदपुर : आस्था के महापर्व छठ को लेकर टाटानगर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों एवं श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन द्वारा विशेष व्यवस्था की गई है. यात्रियों को स्वच्छ, स्वस्थ, सुरक्षित, अनुशासित एवं सुगम यात्रा का वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रेल सिविल डिफेंस के जवानों को स्टेशन पर विशेष रूप से तैनात किया गया है. सिविल डिफेंस के जवान दो पालियों में अपनी सेवाएं देंगे. प्रथम पाली में प्रातः पुरुषोत्तम एक्सप्रेस, बक्सर, साउथ बिहार एक्सप्रेस, बिहार के लिए संचालित स्पेशल ट्रेनों सहित अन्य पैसेंजर ट्रेनों में यात्रियों की सहायता एवं व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है. इसके साथ ही स्टेशन के बाहरी परिसर एवं यात्रियों के ठहराव के लिए बनाए गए टेंट में भी यात्री सुविधा से संबंधित कार्यों में जवान योगदान देंगे. (नीचे भी पढ़ें)
द्वितीय पाली में सिविल डिफेंस की टीम साउथ बिहार एक्सप्रेस, छपरा एक्सप्रेस, अन्य पैसेंजर एवं स्पेशल ट्रेनों में यात्रियों की सहायता, भीड़ नियंत्रण एवं सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित करने के लिए तैनात रहेगी. ड्यूटी के दौरान जवानों को विशेष रूप से वृद्ध, दिव्यांग एवं जरूरतमंद यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने तथा आवागमन में सहायता करना, स्टेशन परिसर में स्वच्छता बनाए रखने के लिए पान, गुटखा एवं बीड़ी का सेवन करने तथा गंदगी फैलाने वाले यात्रियों को रोकना एवं जागरूक करना, लिफ्ट एवं एस्केलेटर के उपयोग के दौरान यात्रियों को होने वाली असुविधा में सहायता करना, जनरल कोच में अत्यधिक भीड़ एवं भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए सतर्कता बरतना, यात्रियों के साथ विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार करते हुए उनकी समस्याओं का समाधान करना, व्हीलचेयर, स्ट्रेचर एवं अग्निशमन यंत्रों को सुव्यवस्थित एवं आपातकालीन उपयोग के लिए तैयार रखना, किसी भी आपात स्थिति में त्वरित सहायता एवं आवश्यक बचाव कार्य में सहयोग करना शामिल है. (नीचे भी पढ़ें)

छठ पर्व के दौरान यात्रियों की स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेशन परिसर में प्राथमिक चिकित्सा हेल्प डेस्क भी स्थापित की गई है. यहां सिविल डिफेंस के प्रशिक्षित जवान प्राथमिक उपचारकर्ता के रूप में अपनी सेवाएं देंगे तथा जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराने में सहयोग करेंगे. छठ महापर्व के अवसर पर रेल सिविल डिफेंस के जवानों की यह पहल श्रद्धालुओं एवं रेल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा, स्वच्छता और बेहतर यात्री सेवा सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है.












