चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के सरडीहा गांव में कृषि कार्य एवं सिंचाई के लिए स्थापित 100 केवीए का ट्रांसफॉर्मर पिछले 15 दिनों से खराब था. जिसके कारण क्षेत्र के किसानों को खेतों की सिंचाई करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था. बिजली आपूर्ति बाधित रहने से कृषि कार्य भी प्रभावित हो रहा था. ग्रामीण और किसानों ने सांसद विद्युत वरण महतो को अवगत कराकर समाधान की मांग की. सांसद ने त्वरित पहल करते हुए संबंधित बिजली विभाग के अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई कर जल्द नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.(नीचे भी पढ़े)
सांसद के पहल पर विभाग द्वारा गुरुवार को सरडीहा गांव में 100 केवीए का नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध करा दिया गया. इससे पिछले 15 दिनों से बिजली संकट और सिंचाई की समस्या से जूझ रहे किसानों को बड़ी राहत मिली है. नया ट्रांसफॉर्मर उपलब्ध होने पर स्थानीय किसान और ग्रामीणों में खुशी का माहौल है. ग्रामीणों ने समस्या के समाधान के लिए पहल करने पर सांसद विद्युत वरण महतो और बिजली विभाग के पदाधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया है.












