आदित्यपुर : सरायकेला खरसावां जिले के आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति एवं न्यू डिस्को क्लब के संयुक्त तत्वावधान में पुरेंद्र नारायण सिंह के नेतृत्व में गुरुवार को आदित्यपुर-2 स्थित रोड नंबर-15 मैदान में 1000 छठ व्रती माता-बहनों के बीच पूजन सामग्री यथा मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी, आटा का वितरण किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जियाडा के क्षेत्रीय निदेशक एवं झारखंड पर्यटन विकास निगम के प्रबंध निदेशक प्रेम रंजन उपस्थित थे. इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रेम रंजन ने कहा कि सनातन जीवन जीने की एक पद्धति है और छठ महापर्व प्रकृति व सूर्य उपासना का सबसे महत्वपूर्ण पर्व है, जिसका उल्लेख ऋग्वैदिक काल से मिलता है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने कहा कि यह महापर्व स्वच्छता, कड़े अनुशासन और सामाजिक समरसता का प्रतीक है. घाटों पर बिना किसी भेदभाव के पूरा समाज एक साथ खड़ा होता है. लोग स्वतः सफाई और व्यवस्था में जुट जाते हैं, जो समाज की एकजुटता और मजबूती को दर्शाता है. वहीं, कार्यक्रम के आयोजक व आदित्यपुर नगर परिषद के पूर्व उपाध्यक्ष सह आदित्यपुर-गम्हरिया विकास समिति के अध्यक्ष पुरेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि छठ पूजा जीवन के उतार-चढ़ाव में एक समान रहने और नदी घाट पर अमीर-गरीब का भेद मिटाकर समानता अपनाने का बड़ा संदेश देती है. (नीचे भी पढ़ें)

उन्होंने आश्वस्त किया कि कूपन के माध्यम से मिट्टी का चूल्हा, चुनरी साड़ी, लौकी और आटा वितरित किया जा रहा है. जिन व्रतियों को कूपन नहीं मिल पाया है, समिति उन्हें भी कल तक सुविधानुसार सामग्री उपलब्ध कराएगी, किसी को निराश नहीं लौटने दिया जाएगा. कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजसेवी आदित्य सिंह, युवा उद्यमी अरविंद तिवारी, एसएन यादव, आयकर निरीक्षक संतोष कुमार चौबे, मनीष कुमार, प्रिय रंजन, आशीष रंजन उपस्थित थे. कार्यक्रम स्थल पर जिला प्रशासन के समाज कल्याण शाखा के बैनर के माध्यम से लोगों को बाल विवाह रोकने और बच्चों का भविष्य सुरक्षित करने के प्रति भी जागरूक किया गया. इस मौके पर न्यू डिस्को क्लब के अध्यक्ष आशुतोष गुप्ता, अमित ठाकुर, अधिवक्ता संजय कुमार, देव प्रकाश, राजेश्वर पंडित, एस डी प्रसाद, रविंद्र तिवारी, राजेश यादव, सोनू पासवान, राकेश कुमार, ऋषि गुप्ता, अजय सारांश, ओम प्रकाश, राहुल राय, धीरज पांडे, संकेत चौधरी, चीकू चौबे, विकास ठाकुर, शक्ति कुमार, अमित राज, राजू कुमार, शुभम तिवारी, रंजन तिवारी, राहुल कुमार, कार्तिक चौबे समेत कई गणमान्य लोग मौजूद थे.












