रामगोपाल जेना,चाईबासा:भगवान बिरसा मुंडा के उलगुलान और जनजातीय स्वाभिमान की गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाने के लिए भारतीय जनता पार्टी ने देशव्यापी अभियान शुरू किया है. भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर 11 से 18 नवंबर तक देश के 240 जनजातीय बहुल जिलों में एक हजार से अधिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. इसी कड़ी में 18 नवंबर को चाईबासा में चार जिलों का संयुक्त प्रमंडल स्तरीय जनजातीय गौरव समारोह आयोजित होगा.(नीचे भी पढ़े)
इस भव्य आयोजन में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास मुख्य वक्ता के रूप में शामिल होंगे. वहीं जेबी तुबिद और पूर्व सांसद गीता कोड़ा भी जनसभा को संबोधित करेंगी.
प्रेस वार्ता में बड़कुंवर गागराई ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का जल, जंगल, जमीन और अबुआ दिशुम, अबुआ राज का संघर्ष आज भी जनजातीय समाज के स्वाभिमान और अधिकारों की प्रेरणा है.
भाजपा जिलाध्यक्ष गीता बालमुचू ने जनजातीय समाज, युवाओं और आम नागरिकों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की.












