जमशेदपुर : लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर भारतीय जनता युवा मोर्चा, जमशेदपुर महानगर सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करने जा रहा है. छठ व्रतधारियों की सुविधा एवं सेवा के उद्देश्य से भाजयुमो द्वारा 1,101 व्रतधारियों के बीच निःशुल्क सूप, फल एवं संपूर्ण पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा. भाजयुमो जमशेदपुर महानगर के जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा ने संवाददाता सम्मेलन कर इस विशेष सेवा कार्यक्रम की घोषणा की. उन्होंने बताया कि आगामी 14 नवंबर शनिवार को सुबह 11 बजे कीताडीह दुर्गा पूजा मैदान में वितरण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इस अवसर पर नीतीश कुशवाहा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी आस्था, परंपरा, संस्कृति और सामाजिक एकता का महापर्व है. इस पावन अवसर पर छठ व्रतधारियों की सेवा करना केवल एक सामाजिक दायित्व नहीं, बल्कि हमारे लिए सौभाग्य और पुण्य का कार्य है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और समर्पण के भाव तथा संगठन के मूल मंत्र ‘सेवा ही संगठन है’ से प्रेरणा लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा निरंतर जनसेवा के कार्यों में सक्रिय है. हमारा प्रयास है कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा का लाभ पहुंचे और छठ व्रतधारियों को पर्व की तैयारियों में सहयोग मिल सके. जिलाध्यक्ष ने जमशेदपुर के सभी छठ व्रतधारियों से अपील की कि वे 14 नवंबर को सुबह 11 बजे कीताडीह दुर्गा पूजा मैदान पहुँचकर इस सेवा कार्यक्रम का लाभ उठाएँ तथा भाजयुमो कार्यकर्ताओं से संपर्क करें. संवाददाता सम्मेलन में रमेश प्रसाद कुशवाहा, बंटी वालिया, कमल राठौर, मनोज सिंह, शानू, अनिकेत, हरप्रीत, पवन एवं विकास सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे.












