जमशेदपुर : टाटा स्टील की अधीकृत यूनियन टाटा वर्कर्स यूनियन का कमेटी मीटिंग गुरुवार को हुई. जमशेदपुर के यूनियन कार्यालय स्थित सभागार में आयोजित इस कमेटी मीटिंग में कई मुद्दे उठाये गये. इसमें सबसे ज्यादा मुद्दा कैंटीन की अव्यवस्था का उठाया गया जबकि कई लोगों ने सदन में वेज रिवीजन समझौता को लेकर घेरा तो कई लोगों ने वेज रिवीजन समझौता का समर्थन भी किया. चूंकि, यह मीटिंग चुनाव के पहले का अंतिम मीटिंग था, लिहाजा, सारे लोगों ने अपनी अपनी बातों को बारी बारी से रखा. कमेटी मीटिंग में अधिकांश लोगो ने कहा कि ग्रेड, एरियर, नये सेफ्टी टाइम को लेकर काफी दिक्कत है. कैंटीन ठीक से नहीं चल सकता है तो कम से कम कैंटीन एलाउंस शुरू करा दिया जाये. इस दौरान कमेटी मेंबर आरसी झा ने फ्लेक्सीबल पंचिंग की मांग की, साथ ही संशोधित संविधान की प्रति मांगी. वहीं, आरके सिंह ने ग्रेड रिवीजन की आलोचना की और कहा कि उनके विभाग में काफी नुकसान हुआ. शैलेन्द्र राय ने ग्रेड रिवीज़न की प्रशंसा करते हुए हुए कहा कि अध्यक्ष बेहतर काम कर रहे हैं, बंचिंग कोई अनोमाली नहीं है, सरकारी नियम हैं, प्रबंधन चाहता हैं कि यूनियन आपस मे लड़ता हैं. पूर्व उपाध्यक्ष शिवेश वर्मा ने कार्यकाल की विवेचना करते हुए अध्यक्ष व उनके नेतृत्व को फिसड्डी बताया. कहा कि अदूरदर्शिता और कमजोर बार्गेनिंग क्षमता के कारण कर्मचारियों के वर्तमान के साथ साथ भूत और भविष्य सब दाव पर लग गया हैं. वर्तमान मे पे -रोल पर के कर्मचारी को तो दीर्घगामी नुकसान हुआ है. इएसएस लेने वाले और रिटायर्ड कर्मचारी को आजीवन नुकसान करा दिया. (नीचे भी पढ़ें)

साथ ही एनएस ग्रेड के स्लैब मे मिनिमम बेसिक मे बढ़ोतरी नहीं हुई, जिसके चलते आने वाले समय मे भी ज्वाइन करने वालो को भी भारी नुकसान होगा. उन्होंने अध्यक्ष को याद दिलाया कि पिछले ग्रेड रिवीज़न के समय विपक्ष की भूमिका निभाते हुए आप ने ही मांग की थी कि एनएस ग्रेड के डीए पर प्वाइंट 3 रूपये को बढ़ाया जाए, किंतु ज़ब स्वयं अध्यक्ष चुने गए वो भी निर्विरोध और ग्रेड रिवीज़न किया तो डीए पर प्वाइंट में एक पैसे की बढ़ोतरी नहीं हुई. यूनिफार्म स्ट्रक्चर के समय आपने बताया कि एम्प्लॉय वार्ड का कोई भी कर्मचारियों टीएसटीएस मे नहीं जाएगा. टाटा स्टील मे अप्रेन्टिस की बहाली जारी रहेगी जबकि हुआ इसके विपरीत. वार्ड के बच्चे टीएसटीएस भेजे गए और अप्रेन्टिस की बहाली टीएसटीएस मे कर दी गई. आपने कहीं भी अपने वादों को पूरा नहीं किया. एसोसिएट के मैक्सिमम बेसिक मे कमी कर दी गई, साथ ही उन्होंने कैंटीन तथा ऑनलाइन गेट पास की समस्या साझा की. टीएमएच के राकेश कुमार ने ग्रेड रिवीज़न मे एनएस ग्रेड मे डीए पर प्वाइंट मे बढ़ोतरी न होने पर आक्रोश व्यक्त करने के साथ टीएमएच के मैन पावर की समस्या रखी. सीआरएम के दिनेश्वर कुमार ने कहा कि केवल यूनियन में अभी देखा जा रहा है कि न्यू सीरीज का कम पैसा, न्यू सीरीज का कम पैसा लोग बोलते हैं पर इस बार अच्छी बढ़ोतरी हुई है. आरएमएम के श्यामनंद कुमार ने कहा कि वेज रीविशन बढ़िया हुआ है. अध्यक्ष को धन्यवाद, बंचिंग सुलझ गया हैं. मृत्युंजय मिश्रा ने कहा कि ग्रेड रिवीज़न मे नुकसान हुआ है. सेफ्टी टाइमिंग में सुधार किया जाए. साथ ही टीएमएच के टाइम को सिंक्रोनाइज किया जाए. बिजेंद्र शाह ने कहा कि ग्रेड बढ़िया हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)

अध्यक्ष को इसके लिए आभार. सर्वेंद्र झा ने कहा कि यूनिफॉर्म ग्रेड स्ट्रक्चर की प्रति अभी तक नहीं मिली. ऑनलाइन गेट पास सिस्टम में कैंसिल करने का प्रावधान नहीं है इसमें सुधार किया जाए. ग्रेड मे विभाग के कर्मचारियों के तीखे तीखे सवालों के जवाब देने पड़ रहे हैं. काफी नुकसान कर्मचारियों को हुग़ा है. श्याम सुंदर गोप ने कहा कि कर्मचारियों के घर धनतेरस के दिन धन वर्षा हुई है. बेहतर ग्रेड बताया. संतोष कुमार पांडेय ने कहा कि यूनियन की वर्तमान कमेटी का यह टर्म बहुत खराब रहा. कर्मचारियों का चौतरफा नुकसान हुआ. विभागीय गेट टुगेदर काफी दिनों से नहीं हो रहा है . सेफ्टी विभाग के संतोष सिंह ने यूनिफॉर्म स्ट्रक्चर में सेफ्टी विभाग में ग्रुप 4 का पोजीशन नहीं दिए जाने का मुद्दा उठाया. ग्रुप 3 की वैकेंसी अभी नहीं भरी जा रही, यूनिफार्म स्ट्रक्चर की संख्या से कम होने के बाद भी वैकेंसी नहीं भरी जा रही हैं. अमित कुमार ने कहा कि ग्रेड में काफी नुकसान हुआ है. इसी तरह एचएसएम के अमित कुमार ने कहा कि ग्रेड में काफी नुकसान हुआ है. 28540 के ऊपर सबो के एक समान एमजीबी तर्कसंगत नहीं हैं. एरियर स्लीप मे कटौती के विवरण नहीं होने के विषय उठाया. पावर सिस्टम के दीप कुमार सिंह ने कहा कि डीए पर प्वाइंट बढ़ना चाहिए था, जो नहीं बढ़ा, काफी नुकसान हुआ. स्पेयर मैनुफैक्चरिंग के दिनेश कुमार ने कहा कि ग्रेड बहुत बेहतर हुआ है. मेडिकल का भी काम अच्छा हुआ है. एमइडी के पवन कुमार ने कहा कि सेफ्टी टाइम के कारण जनरल शिफ्ट में काफी समस्याएं हो रही हैं. कर्मचारी और बेहतर ग्रेड की उम्मीद कर रहे थे. सीआरएम के गुलाब यादव ने कहा कि बंचिंग की समस्या सुलझाने के लिए अध्यक्ष को बहुत सारा धन्यवाद . फ्लेक्सी पंचिंग की व्यवस्था की जाये. एचएसएम के एसएन सिंह ने कहा कि ऑनलाइन गेट पास सिस्टम में भारी सुधार की आवश्यकता है. हम जैसे बड़े विभागों में मैकेनिकल क्षेत्र में ब्लॉक 4 का पोजीशन कम मिला है, जिसको बढ़ाना चाहिए. पावर सिस्टम के तपन कुमार ने अपने विभाग की समस्या को उठाया. आरएमएम के संजय कुमार ने कहा कि अनोमोली कमेटी ने बेहतर काम किया है. एलडी 3 के गिरीश ने कहा कि ग्रुप 3 की वैकेंसी नहीं भरी जा रही है. ग्रुप 4 का पोजीशन बढ़ाया जाए. इस दौरान बिमल कुमार ने कहा कि ऑटो लीव, गेट पास ऑनलाइन होना चाहिे. मैपिंग सिस्टम ठीक हो. कैंटीन की व्यवस्था को दरुस्त किया जाये. हाइलेवल कमेटी बनी है, जिसको चाहिए कि तत्काल समस्या का निराकरण किया जाये. जेट और अप्रेंटिस की ट्रेनिंग की क्वालिटी गिर रही है. एसएनटीआइ बैकबोन है, जो टूट रही है. उन्होंने कहा कि ग्रेड पर विरोध पहले होना था. टॉप पदाधिकारियों की आपसी लड़ाई में मजदूर का नुकसान हुआ है. तय समय पर चुनाव हो, कोई कानूनी रुकावट नहीं है.












