पोटका: टाटानगर-बादामपहाड़ रेलखंड पर हलुदपुकुर स्टेशन और सिदिरसाई हॉल्ट के बीच धरूवालुपूंग माहालीडीपा दामूडीह रेलवे फाटक के समीप गुरुवार शाम शरारती तत्वों ने रेलवे ट्रैक पर पुआल रखकर आग लगा दी. संयोगवश उसी दौरान टाटानगर से बादामपहाड़ जा रही मेमू ट्रेन वहां पहुंच गई. ट्रेन चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया. जानकारी के अनुसार, मेमू ट्रेन हलुदपोखर स्टेशन से खुलकर आगे बढ़ रही थी. इसी दौरान चालक को दूर से रेलवे लाइन के किनारे आग की लपटें दिखाई दीं. पहले उन्हें लगा कि ग्रामीण रेलवे लाइन के किनारे शव का अंतिम संस्कार कर रहे हैं. हालांकि, अनहोनी की आशंका को देखते हुए उन्होंने ट्रेन की गति धीमी कर दी. (नीचे भी पढ़े)
कुछ दूर आगे बढ़ने पर चालक ने देखा कि रेलवे ट्रैक पर ही पुआल जल रहा है. खतरे को भांपते हुए उन्होंने तत्काल ट्रेन रोक दी. इसके बाद ट्रेन चालक और यात्रियों ने मौके पर पहुंचकर पुआल में लगी आग बुझाई. आग पूरी तरह बुझने के बाद ट्रेन को गंतव्य की ओर रवाना किया गया. चालक के अनुसार, जब तक वे यात्रियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे, तब तक आग लगाने वाले शरारती तत्व मौके से फरार हो चुके थे. चालक की सतर्कता और सूझबूझ से संभावित रेल दुर्घटना टल गई. रेलवे ट्रैक पर इस तरह आग लगाने की घटना से यात्रियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं.












