जमशेदपुर: झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ के प्रदेश अध्यक्ष आरके अग्रवाल ने प्रदेश के समस्त गौभक्तों, गौसेवकों एवं गौशालाओं से 17 नवंबर को मनाए जाने वाले पावन गौपाष्टमी पर्व को श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ समारोहपूर्वक मनाने की अपील की है.उन्होंने कहा कि गौसेवा, गौसंरक्षण एवं गौसंवर्धन के क्षेत्र में गौपाष्टमी का विशेष आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है. गौपाष्टमी केवल एक पर्व नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति में गौमाता के प्रति हमारी श्रद्धा, कृतज्ञता एवं सेवा-संकल्प का महापर्व है. इस अवसर पर हमें गौमाता के संरक्षण, संवर्धन एवं सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को और सुदृढ़ करना चाहिए.संघ के प्रदेश महासचिव अनिल मोदी ने बताया कि झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ के अंतर्गत संचालित प्रदेश की सभी 27 गौशालाओं में गौपाष्टमी के अवसर पर विविध धार्मिक,सांस्कृतिक एवं सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. (नीचे भी पढ़े)

इनमें गौशाला मेला, गौ सत्संग, गौ कथा, गौ पूजन, अधिवेशन, भजन संध्या, तुलादान एवं गौ आरती प्रमुख हैं. कई गौशालाओं में तीन दिवसीय तो कहीं पूरे सप्ताह तक विशेष आयोजन किए जा रहे हैं, ताकि अधिकाधिक गौभक्त इन आयोजनों में सहभागी बन सकें.उन्होंने विशेष रूप से हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि इसी पावन अवसर पर झारखंड की प्रतिष्ठित बैद्यनाथधाम गौशाला, देवघर अपना 125वां स्थापना वर्ष मनाएगा. यह गौरवपूर्ण उपलब्धि गौसेवा की सुदीर्घ परंपरा, समर्पण एवं सामाजिक सहभागिता का प्रतीक है.झारखंड प्रादेशिक गौशाला संघ ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे गौपाष्टमी के आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा गौशालाओं को सहयोग प्रदान कर गौसंरक्षण एवं संवर्धन के इस पुनीत अभियान का हिस्सा बनें. उन्होंने कहा कि गौसेवा केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक दायित्व एवं मानवीय संवेदना का प्रतीक भी है.












