जमशेदपुर : सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज चैंबर अध्यक्ष मानव केडिया के नेतृत्व में वन प्रमंडल कार्यालय पहुंच कर सबा आलम अंसारी से मुलाकात की. इस अवसर पर चैंबर-प्रतिनिधियों ने धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने की दिशा में वन विभाग द्वारा उठाए गए सकारात्मक कदमों के लिए विभाग का आभार जताया. अध्यक्ष मानव केडिया ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट जमशेदपुर एवं पूरे कोल्हान क्षेत्र के विकास, औद्योगिक विस्तार, व्यापारिक गतिविधियों तथा रोजगार के नए अवसरों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है. वन विभाग द्वारा इस दिशा में की गई पहल सराहनीय है और इसके लिए विभाग बधाई का पात्र है. (नीचे भी पढ़ें)
सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो का भी आभार जताया एवं उन्हें धन्यवाद ज्ञापित किया. चैंबर ने कहा कि धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना को आगे बढ़ाने में सांसद की ओर से लगातार किए जा रहे प्रयास सराहनीय हैं. उनके सक्रिय प्रयासों एवं निरंतर पहल से इस महत्वाकांक्षी परियोजना को गति मिल रही है. चैंबर को विश्वास है कि उनके प्रयासों से धालभूमगढ़ एयरपोर्ट का सपना जल्द साकार होगा और क्षेत्र के विकास को एक नई दिशा मिलेगी. (नीचे भी पढ़ें)
प्रतिनिधिमंडल ने श्री सबा आलम अंसारी को क्षेत्रीय वन संरक्षक, रांची के पद पर प्रोन्नति मिलने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं. इसके साथ ही अभिषेक कुमार को जमशेदपुर का क्षेत्रीय वन संरक्षक बनाए जाने एवं चाईबासा वन संरक्षक का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने पर उनसे मुलाकात कर चैंबर की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दी. श्री केड़िया ने उम्मीद जताई कि वन विभाग द्वारा उठाए गए कदमों के बाद अब केंद्रीय वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय से भी शीघ्र आवश्यक स्वीकृति प्राप्त होने और धालभूमगढ़ एयरपोर्ट परियोजना धरातल पर उतरने की दिशा में आगे बढ़ने का विश्वास जताया. उन्होंने कहा कि चैंबर को पूर्ण विश्वास है कि क्षेत्र वासियों का वर्षों पुराना एयरपोर्ट का सपना जल्द साकार होगा तथा जमशेदपुर में हवाई सेवा शुरू होने का मार्ग प्रशस्त होगा. प्रतिनिधिमंडल में चैंबर के महासचिव पुनीत कांवटिया, उपाध्यक्ष राजीव अग्रवाल, हर्ष बाकरेवाल, सचिव बिनोद शर्मा एवं श्री अंशुल रिंगसिया उपस्थित थे.












