जमशेदपुर : कमलपुर थाना क्षेत्र के हुरुम्बिल गांव के मोड़ पर मंगलवार दोपहर सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर से टकरा कर गंभीर रूप से घायल 22 वर्षीय देवशरण महतो की गुरुवार को टीएमएच में इलाज के दौरान मौत हो गई. वह पिछले जून माह में अपर्णा महतो के साथ विवाह बंधन में बंधे थे. पति की मौत से पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक के पिता प्रभाकर महतो गांव के वार्ड सदस्य हैं. (नीचे भी पढ़ें)
मालूम हो कि मंगलवार दोपहर मोटरसाइकिल सवार देवशरण महतो और 18 वर्षीय सूरज महतो ने सड़क किनारे खड़े ट्रैक्टर में पीछे से टक्कर मार दी थी. हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए थे. भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रदीप महतो ने एंबुलेंस की व्यवस्था कर दोनों को टीएमएच में भर्ती कराया था. गंभीर रूप से घायल देवशरण आइसीयू में भर्ती थे, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. वहीं, प्रदीप महतो के आग्रह पर सांसद विद्युत वरण महतो ने टीएमएच प्रबंधन से बात कर मृतक के इलाज का 50 हजार रुपये का बिल माफ कराया और शव परिजनों को सौंप दिया.












