आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबोहनी, जमालपुर में हुई सोनू कुमार की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल कुमार सिंह के रूप में हुई है. पुलिस ने उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद कर ली है. शुक्रवार को सरायकेला एसडीपीओ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे हत्याकांड का खुलासा किया. पुलिस के अनुसार, बीते 9 नवंबर की शाम करीब 7:15 बजे विशाल कुमार सिंह ने अपने दोस्त सोनू कुमार को गोली मार दी थी. गोली लगने से सोनू की मौत हो गई थी. मृतक सोनू कुमार, मनोज कुमार साव का पुत्र था और सतबोहनी, जमालपुर का निवासी था. इस मामले में आदित्यपुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी. (नीचे भी पढ़ें)
घटना के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी. पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के निर्देश पर विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया. मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने सापड़ा पुल के पास घेराबंदी कर विशाल कुमार सिंह को गिरफ्तार कर लिया. इसके बाद उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल की गई पिस्टल भी बरामद की गई. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की पूछताछ में हत्या की वजह सिगरेट को लेकर हुआ विवाद सामने आया है. बताया गया कि सोनू और विशाल पिछले कुछ महीनों से अच्छे दोस्त थे. दोनों के परिवारों के बीच भी परिचय था. घटना के दिन दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे. इसी दौरान सिगरेट मांगने को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई. विवाद इतना बढ़ गया कि विशाल ने पिस्टल निकालकर सोनू पर गोली चला दी, जिससे उसकी जान चली गई. (नीचे भी पढ़ें)
हत्या को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था. पुलिस के मुताबिक, वह उसी रात डिमना चौक से बस पकड़कर बिहार के शेरघाटी चला गया था. वहां कुछ समय तक रहने के बाद जब वह वापस लौट रहा था, तभी पुलिस ने उसे सापड़ा पुल के पास गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.












