मेदिनीनगर (पलामू) : “सावधानी हटी, दुर्घटना घटी” इस कहावत पर अमल करते हुए पलामू जिले में जिला परिवहन विभाग आम लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति विशेष अभियान चलाकर उन्हें लगातार जागरूक कर रहा है. सड़क सुरक्षा के तहत ज़िले के पोखराहा चेक पोस्ट फोर लेन पर गुलाब फ़ुल देकर एवं माला पहनाकर गांधीगिरी की तरह जागरूकता अभियान चलाया गया. इस क्रम में ज़िले के पोखराहाचेक पोस्ट फोर लेन पर वैसे सभी दो पहिया वाहन चालक जो हेलमेट नहीं पहने थे और जो ट्रिपल सवारी थे, सभी को आग्रह कर उन्हें रोक कर फूल की माला पहनाकर गांधीगिरी की तरह सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी दी गई एवं जो व्यक्ति हेलमेट पहने हुए थे उन्हें गुलाब का फूल देकर सम्मानित किया गया. (नीचे भी पढ़े)

मोटरयान निरीक्षक, सड़क सुरक्षा प्रबंधक व जिला परिवहन कार्यालय के बड़ा बाबू ने यातायात के नियमों के बारे में सभी को जानकारी दी. जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक ड्राइव इत्यादि के उपयोग के बारे में.जो व्यक्ति दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट नहीं पहने थे उन्हें माला पहना कर ये शर्मिंदगी महसूस करवाया गया कि क्यों हेलमेट पहनना ज़रूरी है, क्यों सड़क सुरक्षा ज़रूरी है, क्यों यातायात के नियमों का पालन ज़रूरी है. जिस तरह आज उन्हें ये माला पहनाई जा रही है हो सकता है कल उनकी तस्वीरों को ये माला पहनाना पड़े, इसलिए सभी व्यक्ति सड़क सुरक्षा का पालन करे एवं दो पहिया वाहन चलाते समय हेलमेट ज़रूर पहनें.जागरूकता कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से मोटरयान निरीक्षक, सड़क सुरक्षा प्रबंधक, जिला परिवहन कार्यालय के बड़ा बाबू और कर्मी मौजूद थे.












