जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा सूर्य मंदिर धाम में 14 नवंबर दिन शुक्रवार को जरूरतमंद छठ व्रतियों के बीच निःशुल्क पूजन सामग्री का वितरण किया जाएगा. इसके लिए जमशेदपुर पूर्वी के सभी मंडल अध्यक्षों को कूपन वितरित किया गया है ताकि वह जरूरतमंदों की पहचान कर उन तक कूपन पहुंचा दें. इस कूपन को लेकर जरूरतमंद छठ व्रती पूजन सामग्री ले सकेंगे. पूजन सामग्री का वितरण सुबह 10:00 बजे से शुरू होगा. इसके लिए सारी तैयारियां पूरी कर ली गई है. पूजन सामग्री का वितरण विधायक पूर्णिमा साहू के हाथों संपन्न होगा. भाजपा के वरिष्ठ नेता पवन अग्रवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री और सूर्य धाम कमेटी के मुख्य संरक्षक रघुवर दास के निर्देश पर पूजन सामग्रियों को शुक्रवार के दिन भालूबासा शीतला मंदिर में साफ सफाई कर पैकेजिंग का काम पूरा कर लिया गया है. (नीचे भी पढ़ें)
वितरित किए जाने वाली सामग्रियों में सूप, सेव, केला, गन्ना, अमरूद, गागर, नींबू , सिंघाड़ा सहित 15 पूजन सामग्रियां शामिल हैं. उन्होंने बताया कि हर वर्ष की भांति इस वर्ष भी पूजन सामग्री का वितरण पूरी श्रद्धा के साथ मंदिर समिति द्वारा किया जा रहा है ताकि धन के अभाव में छठ व्रत करने से कोई व्यक्ति वंचित न रह जाए।साफ सफाई और पैकेजिंग के काम में पवन अग्रवाल के सहयोगी के रूप में बंटी अग्रवाल, टुनटुन सिंह, मित्रू प्रधान, योगेंद्र मंडल, सहित गोलमुरी मंडल भाजपा कार्यकर्ता शामिल थे.












