जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विशेष छापामारी अभियान चलाया. वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ एहतेशाम वकारिब के आदेशानुसार चाकुलिया, डुमरिया एवं पोटका थाना पुलिस की ओर से अलग-अलग स्थानों पर यह कार्रवाई की गई. (नीचे भी पढ़ें)

छापामारी अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न स्थानों से कुल 700 किलोग्राम जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया. इसके अलावा अवैध रूप से संचालित शराब भट्टियों को भी ध्वस्त किया गया. शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाले उपकरणों को भी पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया, ताकि दोबारा अवैध शराब का निर्माण नहीं किया जा सके. (नीचे भी पढ़ें)
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब बनाने और बेचने वालों में हड़कंप मचा हुआ है. एसएसपी के निर्देश पर जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.












