बहरागोड़ा : बरसोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर हुए सड़क हादसे में बाइक सवार मां और बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए. दुर्घटना बारासती स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के समीप हुई. हादसे में घायल बेटे की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है. मिली जानकारी के अनुसार, बहरागोड़ा प्रखंड के बालीजुड़ी गांव निवासी पलाश पंडा (32) अपनी मां पुतुल पंडा (61) के साथ पश्चिम बंगाल से बाइक पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे. इसी दौरान बारासती के पास एक अज्ञात वाहन की चपेट में आने से दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े. हादसे में मां और बेटे को गंभीर चोटें आईं. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की सूचना मिलने पर बरसोल पुलिस मौके पर पहुंची, जिसने स्थानीय लोगों के सहयोग से दोनों घायलों को राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की 1033 एंबुलेंस से बहरागोड़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया. पलाश पंडा की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीआरएम मेडिकल कॉलेज, बारीपदा रेफर कर दिया गया. वहीं, उनकी मां का भी उपचार किया गया.












