जमशेदपुर : टेल्को में शुक्रवार को मां काली की भक्ति और जयकारों के बीच 22 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का विसर्जन किया गया. यंग बॉयज क्लब श्री श्री 22 फीट काली पूजा कमेटी की ओर से स्थापित मां काली की प्रतिमा को भक्तों ने नम आंखों के साथ विदाई दी. विसर्जन यात्रा के दौरान पूरा वातावरण मां काली के जयकारों से गूंज उठा. (नीचे भी पढ़ें)

मां काली की विशाल प्रतिमा को विसर्जन के लिए सी2 तालाब तक ले जाने में कमेटी के युवा सदस्यों ने विशेष भूमिका निभाई. युवाओं ने रस्सी के सहारे प्रतिमा को खींचते हुए तालाब तक पहुंचाया. इस दौरान श्रद्धालुओं में मां के प्रति गहरी आस्था और उत्साह देखने को मिला. प्रतिमा की भव्यता और विसर्जन यात्रा लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी रही. (नीचे भी पढ़ें)
क्रेन की मदद से हुआ प्रतिमा का विसर्जन
सी2 तालाब पहुंचने के बाद 22 फीट ऊंची प्रतिमा के विसर्जन की तैयारी की गई. प्रतिमा के विशाल आकार को देखते हुए क्रेन की व्यवस्था की गई थी. क्रेन की मदद से सावधानी पूर्वक प्रतिमा को तालाब में उतारा गया. इसके साथ ही कमेटी की ओर से आयोजित मां काली पूजा का विसर्जन अनुष्ठान संपन्न हो गया. इस दौरान भक्तों ने मां काली से सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए उन्हें भावभीनी विदाई दी.












