जमशेदपुर : जमशेदपुर के समाहरणालय सभागार में उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में जिले के सरकारी विद्यालयों, आवासीय विद्यालयों एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था, छात्र-छात्राओं की उपस्थिति, आधार सत्यापन, बैंक खाता खोलने की प्रगति, बोर्ड परीक्षा की तैयारी, शिक्षकों के प्रशिक्षण तथा विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की उपलब्धता सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तृत समीक्षा की गई. समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने आवासीय विद्यालयों की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देते हुए निर्देश दिया कि डीईओ, डीएसई एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी प्रत्येक माह कम से कम दो बार आवासीय विद्यालयों का निरीक्षण सुनिश्चित करें. निरीक्षण के दौरान विद्यार्थियों के आवासन, भोजन, पठन-पाठन, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता की जांच करें. उन्होंने सुंदरनगर स्थित आवासीय विद्यालय में खराब सीसीटीवी कैमरों की तत्काल मरम्मत कराने तथा जिले के अन्य सभी आवासीय विद्यालयों में भी सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच कराने का निर्देश दिया.(नीचे भी पढे)
विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की लगभग 70 प्रतिशत उपस्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षक सक्रिय भूमिका निभाएं. डीईओ और डीएसई पांच-पांच स्कूल की औचक जांच करें, सभी विद्यालयों में नियमित रूप से अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) आयोजित की जाए. लगातार अनुपस्थित रहने वाले विद्यार्थियों के अभिभावकों से संपर्क कर अनुपस्थिति का कारण जानें तथा बच्चों को नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित करें. उन्होंने कहा कि बच्चों की शैक्षणिक प्रगति के लिए विद्यालय और अभिभावकों के बीच बेहतर समन्वय आवश्यक है. यूडायस प्लस पोर्टल पर विद्यार्थियों के आधार सत्यापन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में लगभग 90 प्रतिशत विद्यार्थियों का आधार सत्यापन किया जा चुका है. गत बैठक के पश्चात 1,508 विद्यार्थियों का आधार सत्यापन किया गया है. उपायुक्त ने शेष विद्यार्थियों का आधार सत्यापन प्राथमिकता के आधार पर पूरा करते हुए शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने का निर्देश दिया. विद्यार्थियों के बैंक खाते खोलने की समीक्षा में कुल 4,025 खाते लंबित पाए गए. उपायुक्त ने इस पर गंभीरता से संज्ञान लेते हुए छठ पर्व के बाद प्रखंड स्तर पर बैंकों की टीम भेजकर विशेष अभियान चलाने का निर्देश दिया. .(नीचे भी पढे)
उन्होंने शिक्षा विभाग एवं संबंधित बैंक अधिकारियों के बीच समन्वय स्थापित कर लंबित बैंक खाते शीघ्र खुलवाने तथा इस कार्य की प्रखंडवार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा. बैठक में शिक्षकों के सीपीडी (कंटीन्यूअस प्रोफेसनल डेवलपमेंट) प्रशिक्षण की तैयारियों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ होने पर जिले के सभी शिक्षकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए. उन्होंने कहा कि शिक्षकों के व्यावसायिक कौशल एवं शिक्षण पद्धति में निरंतर सुधार से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है. बोर्ड परीक्षा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने विद्यालयों में पाठ्यक्रम को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने, विद्यार्थियों के विषयवार प्रदर्शन का आकलन करने तथा कमजोर शैक्षणिक प्रदर्शन वाले विद्यार्थियों के लिए विशेष कक्षाएं संचालित करने पर जोर दिया. उन्होंने नियमित अभ्यास एवं विषयवार तैयारी के माध्यम से विद्यार्थियों को परीक्षा के लिए बेहतर ढंग से तैयार करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक समेत शिक्षा विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे.












