जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के अध्यक्ष परविंदर सिंह ने प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव आयोग द्वारा आगामी 18 नवंबर को बीएलओ एवं बीएलए-2 के साथ सभी बुथ पर आयोजित की जाने वाली चुनाव पाठशाला को लेकर कांग्रेस पार्टी व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाएगी. इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जिले के किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से वंचित न रहे. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक योग्य नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना बेहद आवश्यक है. विशेष रूप से 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके सभी युवक-युवतियों को मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए जागरूक किया जाएगा, ताकि कोई भी नौजवान अपने मताधिकार से वंचित न रहे. परविंदर सिंह ने कहा कि चुनाव पाठशाला के दौरान बीएलओ एवं बीएलए-2 सहित सभी संबंधित सदस्यों की उपस्थिति सुनिश्चित होनी चाहिए. (नीचे भी पढ़ें)
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों में सुधार कराने तथा पात्र मतदाताओं के नाम दर्ज कराने की प्रक्रिया को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाना चाहिए. कांग्रेस पार्टी के सभी जिला पदाधिकारी, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष एवं बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से अपील की गई है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करें और पात्र मतदाताओं को आवश्यक प्रक्रिया की जानकारी दें. उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन के सहयोग से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान व्यापक स्तर पर संचालित किया जा रहा है. इस अभियान के माध्यम से लोकतांत्रिक अधिकारों, निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया और संविधान में प्रदत्त मताधिकार के महत्व को लेकर आम नागरिकों के बीच जागरूकता फैलाने का प्रयास किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में किसी भी पात्र नागरिक का नाम छूटना नहीं चाहिए और किसी भी अपात्र नाम को लेकर नियमानुसार आपत्ति एवं सुधार की प्रक्रिया अपनाई जानी चाहिए. प्रत्येक नागरिक को अपने मतदाता पहचान एवं सूची में दर्ज विवरण की जांच करनी चाहिए. अंत में परविंदर सिंह ने जिले के सभी राजनीतिक दलों के बीएलए, बीएलओ, सामाजिक संगठनों, युवा वर्ग एवं आम नागरिकों से अपील की कि वे 18 नवंबर की चुनाव पाठशाला में सक्रिय सहभागिता निभाएं और लोकतंत्र की इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को सफल बनाने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं. प्रेस वार्ता में संजय सिंह आजाद, भारतयात्री अमरजीत नाथ मिश्रा, राकेश साहू,आशुतोष सिंह, मकसूद आलम, आशीष ठाकुर, मुन्ना मिश्र, रंजीत झा, शुभम झा शामिल हुए.












