गम्हरिया : भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता जागरूकता अभियान (स्वीप) के अंतर्गत आयोजित जिला स्तरीय अंतर-विद्यालय निबंध प्रतियोगिता में श्रीनाथ पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा निकिता कुमारी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम गौरवान्वित किया है. यह प्रतियोगिता सैन इंटरनेशनल स्कूल कांड्रा के परिसर में आयोजित की गई थी, जिसका मुख्य विषय ‘मतदान का महत्व’ था. इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न प्रतिष्ठित विद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. निकिता कुमारी ने अपनी प्रभावशाली लेखनी, सटीक विचारों और लोकतांत्रिक मूल्यों की गहरी समझ से निर्णायक मंडल को अत्यंत प्रभावित किया और पहला स्थान अपने नाम किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि सरायकेला डीइओ पारुल सिंह, विशिष्ट अतिथि सरायकेला-खरसावां के डीसी नितिश कुमार सिंह उपस्थित रहे. (नीचे भी पढ़ें)

इस शानदार उपलब्धि पर श्रीनाथ पब्लिक स्कूल के प्राचार्य संजय कुमार सिंह ने निकिता और मार्गदर्शक शिक्षकों को बधाई देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता होना बेहद जरूरी है. निकिता की यह सफलता न केवल विद्यालय के लिए गर्व का विषय है, बल्कि यह अन्य विद्यार्थियों और नागरिकों को भी अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित करेगी. प्रतियोगिता के समापन समारोह में आयोजक मंडल एवं निर्वाचन विभाग के अधिकारियों द्वारा विजेता छात्रा को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया. विद्यालय प्रबंधन समिति और समस्त शिक्षकगण ने निकिता कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है.















