बहरागोड़ा: स्वैच्छिक रक्तदान के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की मदद करने और समाज में मानवता और सेवा का संदेश देने के उद्देश्य से शनिवार को बहरागोड़ा स्थित जय प्रकाश भवन में महिला कल्याण समिति और इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के संयुक्त तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में युवा, महिलाएं, सामाजिक संगठनों के सदस्य एवं आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वेच्छा से रक्तदान किया. इस दौरान कुल 176 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. संग्रहित रक्त जरूरतमंद मरीजों एवं आपातकालीन परिस्थितियों में लोगों की जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा. इस अवसर पर झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने भी रक्तदान कर सामाजिक जिम्मेदारी और मानवता का संदेश दिया.(नीचे भी पढ़े)

कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि झारखंड सरकार के पूर्व प्रथम स्वास्थ्य मंत्री डॉ. दिनेश षाड़ंगी ने किया. इस अवसर पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है. हमारे द्वारा किया गये रक्तदान किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन देने का माध्यम बन सकता है. उन्होंने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए प्रत्येक स्वस्थ एवं सक्षम व्यक्ति को नियमित रूप से स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आना चाहिए. रक्तदान न केवल किसी की जिंदगी बचाने का माध्यम है, बल्कि समाज के प्रति हमारी मानवीय जिम्मेदारी का भी प्रतीक है. इस अवसर पर इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी, बहरागोड़ा शाखा की सचिव डॉ. बीनी षाड़ंगी, झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी, पूर्व प्रमुख शास्त्री हेंब्रम, मुखिया पानसुरी हांसदा, बहरागोड़ा प्रखंड अध्यक्ष असीत मिश्रा, सुदीप पटनायक, रासो साव, मिंटू पाल, गुरुचरण मार्डी, शंकर हलधर, पूर्णेंदु पात्र, जन्मजय कर्ण, दीपक बारीक, जीतवाहन राउत,डॉ. श्रद्धा सुमन,जावेद अख्तर समेत अन्य उपस्थित थे. शिविर के सफल आयोजन पर आयोजकों ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगियों एवं उपस्थित गणमान्य लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया.












