जमशेदपुर : छठ पर्व मनाने परिवार के साथ गोरखपुर गए एक व्यक्ति के बंद घर को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया. चोरी की यह घटना मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत डिमना बस्ती की है. चोरों ने राजू गुप्ता के घर को निशाना बनाकर करीब तीन लाख रुपये के सोने-चांदी के गहने और एक लाख रुपये नकद चोरी कर लिए. जानकारी के अनुसार, घर के मालिक राजू गुप्ता अपने परिवार के साथ छठ पर्व मनाने गोरखपुर गए हुए थे. उनके घर में ताला लगा हुआ था. इसी दौरान शनिवार की शाम करीब छह बजे पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को घर के अंदर किसी की मौजूदगी का एहसास हुआ. संदेह होने पर उन्होंने इसकी सूचना राजू गुप्ता को दी. (नीचे भी पढ़ें)

उस समय राजू गुप्ता जमशेदपुर से बाहर थे. उन्होंने अपने कुछ परिचितों को घर जाकर जांच करने के लिए भेजा, जब परिचित मौके पर पहुंचे तो घर के अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गए. घर का सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी की जांच करने पर गहने व नकदी गायब मिले. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोर घर से करीब तीन लाख रुपये के गहने और एक लाख रुपये नकद लेकर फरार हो गए. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. परिवार के जमशेदपुर लौटने के बाद चोरी गए सामान का विस्तृत आकलन होने की संभावना है.












