जमशेदपुर : पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने सिमडेगा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक भूषण बाड़ा पर लगे गंभीर आरोपों और इस मामले को उजागर करने वाले मीडिया संस्थान के कार्यालय में देर रात हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े किए हैं. सोशल मीडिया व जारी बयान के माध्यम से श्री मुंडा ने कहा कि इस संवेदनशील प्रकरण ने पुलिस प्रशासन की निष्पक्षता, पारदर्शिता और जवाबदेही को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रश्न उत्पन्न किए हैं. उन्होंने राज्य सरकार से स्पष्ट करने की मांग की है कि त्वरित और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए अब तक क्या ठोस कदम उठाए गए हैं. पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यह सवाल केवल एक मामले का नहीं, बल्कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था और न्याय प्रणाली में जनता के विश्वास का है कि क्या झारखंड में आम नागरिक और सत्ता पक्ष से जुड़े विधायक के लिए कानून के समान मापदंड लागू होंगे. (नीचे भी पढ़ें)
उन्होंने मांग की कि पीड़िता द्वारा दर्ज कराए गए बयान और उपलब्ध साक्ष्यों की गंभीरता से जांच होनी चाहिए. साथ ही, पीड़िता की सुरक्षा, सम्मान और गोपनीयता सुनिश्चित करते हुए पूरे प्रकरण की जांच किसी भी राजनीतिक प्रभाव या दबाव से पूरी तरह मुक्त रखी जानी चाहिए. श्री मुंडा ने कहा कि कानून-व्यवस्था की विश्वसनीयता बड़े दावों से नहीं, बल्कि प्रभावशाली लोगों से जुड़े गंभीर मामलों में समयबद्ध कार्रवाई से स्थापित होती है. मामले को सामने लाने वाले न्यूज़ के दफ्तर में देर रात पुलिस की कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता आरोपों की निष्पक्ष जांच कर पीड़िता को न्याय दिलाना होना चाहिए. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में पुलिस का दायित्व कानून की रक्षा करना है, न कि सत्ता को सवालों से बचाना. यदि सच सामने लाने के कारण पत्रकारों को निशाना बनाया जा रहा है, तो यह प्रेस की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक जवाबदेही का गंभीर विषय है. उन्होंने पूरे प्रकरण में पुलिस कार्रवाई का कानूनी आधार सार्वजनिक करने और सभी आरोपों की स्वतंत्र व पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने की मांग की है.












