जमशेदपुर : दक्षिण-पूर्वी और उससे सटे दक्षिण-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा अवदाब (डीप डिप्रेशन) तेजी से चक्रवाती तूफान का रूप ले रहा है. भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा जारी राष्ट्रीय बुलेटिन के अनुसार, यह प्रणाली पिछले छह घंटों के दौरान छह किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ी है. सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे यह चेन्नई से करीब 700 किलोमीटर पूर्व-दक्षिण-पूर्व, विशाखापत्तनम से 800 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिण-पूर्व और ओडिशा के गोपालपुर से 910 किलोमीटर दक्षिण में केंद्रित था. मौसम विभाग ने इसे लेकर आंध्र प्रदेश और उससे सटे दक्षिण ओडिशा तट के लिए पूर्व-चक्रवात निगरानी (येलो अलर्ट) जारी किया है. मौसम वैज्ञानिकों के अनुमान के मुताबिक, यह प्रणाली उत्तर-उत्तर-पश्चिम की ओर आगे बढ़ते हुए सोमवार शाम तक मध्यवर्ती दक्षिण बंगाल की खाड़ी के ऊपर चक्रवाती तूफान में तब्दील हो जाएगी. (नीचे भी पढ़ें)
इसके बाद 17 नवंबर की शाम तक इसके और अधिक तीव्र होकर पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर प्रचंड चक्रवाती तूफान का रूप लेने की प्रबल संभावना है. विभाग के अनुसार, यह तूफान पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ते हुए 20 नवंबर की दोपहर तक अति प्रचंड चक्रवाती तूफान के रूप में नेल्लोर और तूनी के बीच आंध्र प्रदेश व यानम तटों को पार कर सकता है. तट से टकराने के दौरान हवा की अधिकतम निरंतर गति 120 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे और झोंकों में 145 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की आशंका जताई गई है.















