जमशेदपुर : गुड़ाबांदा थाना क्षेत्र के तेंतुलडांगा गांव में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 27 वर्षीय सबर युवक की मौत हो गई. गांव के समीप खुले मैदान में 11 केवी हाई टेंशन बिजली के पोल के नीचे युवक का झुलसा हुआ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटनास्थल पर बिजली का तार भी टूटा पाया गया. ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत करंट की चपेट में आने से हुई है. (नीचे भी पढ़ें)
मृतक की पहचान अर्जुनबेड़ा निवासी महेश्वर सबर के रूप में हुई है. वह अपनी पत्नी पुष्पा सबर और तीन बच्चों के साथ तेंतुलडांगा स्थित अपनी ससुराल में रहता था. घटना के संबंध में पत्नी ने बताया कि रविवार को वह घर के अंदर खाना निकाल रही थी. उसी दौरान महेश्वर घर से बाहर निकला था. कुछ देर बाद गांव के पास बिजली के पोल के नीचे उसका शव पड़े होने की सूचना मिली. मौके पर पहुंचने पर उसका शरीर बुरी तरह झुलसा हुआ मिला. (नीचे भी पढ़ें)
घटना की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई. हादसे के बाद मृतक की पत्नी और तीनों छोटे बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया. उधर, सूचना मिलने पर गुड़ाबांदा थाना के एसआइ राजेश हांसदा पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे एवं मौके का निरीक्षण करने के साथ परिजनों से पूछताछ के बाद आवश्यक कार्रवाई शुरू की. शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया बिजली करंट की चपेट में आने से मौत की आशंका है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.












