जमशेदपुर : टाटा स्टील अपना विस्तार करने जा रही है. 2030 तक के मिशन 40 मिलियन टन से भी अधिक का प्रोडक्शन की क्षमता को कंपनी हासिल करने वाली है. यह बातें टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहीं. श्री नरेंद्रन जमशेदपुर के बिष्टुपुर गोपाल मैदान में आयोजित आदिवासियों के महाकुंभ संवाद 2026 के मौके पर पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे. इस मौके पर टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कारपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम, टाटा स्टील के चीफ कारपोरेट कम्यूनिकेशन सर्वेश कुमार और टाटा स्टील फाउंडेशन के सीइओ सौरव राय मौजूद थे. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने कहा कि झारखंड और ओडिशा राज्य में कंपनी का विस्तार हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
इस कारण यहां विस्तार के सारे काम किये जायेंगे. इसके अलावा आदिवासी समुदाय को स्वरोजगार की व्यवस्था भी की जायेगी. टाटा स्टील के एमडी सह सीइओ टीवी नरेंद्रन ने बताया कि महाराष्ट्र और दक्षिण भारत में भी कंपनी अपना प्लांट स्थापित करेगी, जिसमें महाराष्ट्र के गढ़चिरौली में तो पूरा प्लांट होगा. वहीं, दक्षिण भारत के किसी प्रदेश में स्क्रैप से स्टील बनाने के प्लांट को स्थापित किया जायेगा. उन्होंने बताया कि मिडिल इस्ट में जारी युद्घ और भू राजनीतिक अस्थिरता के कारण टाटा स्टील के कारोबार पर असर पड़ा है. पिछले करीब 15 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्टील की कीमतें लगभग 600 डॉलर प्रति टन के आसपास बनी हुई है, जबकि इसी अवधि में कोयले की कीमत 210 डॉलर से बढ़कर लगभग 290 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गयी है. टीवी नरेंद्रन ने कहा कि जमशेदपुर में कंपनी का मुख्य फोकस डाउनस्ट्रीम उत्पादों के विस्तार पर रहेगा. (नीचे भी पढ़ें)
इसके तहत कंपनी कांबी मिल और टिनप्लेट डिवीजन की क्षमता बढ़ाने के साथ नये प्लांट की स्थापना पर भी काम कर रही है. ओडिशा में कंपनी के पास विस्तार की बेहतर संभावनाएं हैं. कलिंगानगर में लगभग 6000 एकड़ और नीलाचल में करीब 3000 एकड़ जमीन उपलब्ध है, इसलिए भविष्य में बड़े स्तर पर उत्पादन क्षमता बढ़ाने की योजनाएं इन्हीं औद्योगिक क्षेत्रों में केंद्रित रहेंगी. नीलाचल में पांच मिलियन टन क्षमता के विस्तार की योजना प्रस्तावित है.












