जमशेदपुर : टाटा स्टील फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित जनजातीय सम्मेलन ‘संवाद 2026’ के दूसरे दिन कारीगरों, पारंपरिक उपचारकर्ताओं, जनजातीय खानपान विशेषज्ञों और फिल्मकारों ने एक मंच पर आकर जनजातीय ज्ञान, पहचान और विरासत के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया. दिनभर कला एवं हस्तशिल्प, पारंपरिक उपचार पद्धतियों, जनजातीय व्यंजनों और फिल्मों की स्क्रीनिंग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए. इसके साथ ही सामुदायिक ज्ञान और परंपराओं पर भी चर्चा हुई. इन सत्रों के माध्यम से जनजातीय समुदायों के अनुभवों, ज्ञान और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जानने का अवसर मिला. जनजातीय कला एवं हस्तशिल्प से जुड़े सत्र में बदलते समय के साथ प्रतीकों और परंपराओं के महत्व को समझने के साथ-साथ आज के संदर्भ में पारंपरिक कला और शिल्प की भूमिका पर चर्चा हुई. वहीं, जनजातीय उपचार पद्धतियों पर आयोजित कार्यशाला की शुरुआत एक रोचक और सहभागितापूर्ण चर्चा के साथ हुई.(नीचे भी पढ़े)

इसमें आज तेजी से बदलते स्वास्थ्य सेवा परिदृश्य के संदर्भ में जनजातीय उपचार पद्धतियों से जुड़े जोखिमों और चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया गया. ओडिशा के सुबरनापुर जिले के सहारा जनजातीय समुदाय से आने वाले पारंपरिक उपचारकर्ता जिला दंडसेना ने कहा कि संवाद हम जैसे लोगों के लिए अपने पारंपरिक ज्ञान और उपचार पद्धतियों को साझा करने का एक महत्वपूर्ण मंच रहा है. इससे लोगों को ऐसी उपचार परंपराओं के अस्तित्व और उनके महत्व को समझने का अवसर मिलता है. इस दौरान प्रतिभागियों ने पारंपरिक उपचार पद्धतियों को मान्यता और प्रमाणन मिलने में आने वाली चुनौतियों, साक्ष्य-आधारित स्वास्थ्य सेवाओं की बढ़ती जरूरत, विलुप्त होने की कगार पर पहुंच चुकी जैव विविधता और औषधीय संसाधनों, पारंपरिक उपचारकर्ताओं के सामने पहचान के संकट और पारंपरिक ज्ञान के लुप्त होने के खतरे जैसे मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. (नीचे भी पढ़े)

जनजातीय चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का भरोसा बढ़ाने की जरूरत पर भी चर्चा हुई. साथ ही, इन चुनौतियों से निपटने के संभावित उपायों पर विचार किया गया, ताकि पारंपरिक ज्ञान और उपचार पद्धतियों का महत्व बना रहे और इन्हें आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाया जा सके. जनजातीय खानपान से जुड़े सत्रों में पारंपरिक व्यंजनों के साथ-साथ भोजन, विरासत और इससे जुड़े व्यावसायिक अवसरों पर भी चर्चा जारी रही. जनजातीय सिनेमा और कहानी कहने की परंपरा को समर्पित मंच ‘समुदाय के साथ’ में ‘हम कौन हैं और कहां से आए हैं, इसकी पहचान’ विषय पर बातचीत हुई. इसमें पहचान, स्मृतियों और सामुदायिक जीवन से जुड़े पहलुओं पर विचार साझा किए गए. आज जमशेदपुर के रुसी मोदी सेंटर फॉर एक्सीलेंस में मध्य प्रदेश, ओडिशा, असम और झारखंड की छह फिल्मों का प्रदर्शन किया गया. दिन के कार्यक्रम में संवाद फेलोशिप के तहत चार प्रस्ताव भी प्रस्तुत किए गए. यह फेलोशिप उभरते फेलो को अपने विचार और प्रस्ताव प्रस्तुत करने का मंच प्रदान करती है. इस वर्ष कुल 25 फेलो अपने प्रस्ताव प्रस्तुत करेंगे. सांस्कृतिक कार्यक्रम में उरांव, महादेव कोली, किन्नौर और सहरिया समुदायों के पारंपरिक नृत्य देखने को मिले. (नीचे भी पढ़े)

इसके साथ ही दीपक तिर्की, डांडोम स्टार और झारखंड के विभिन्न म्यूजिक बैंड्स ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं. इस अवसर पर अपने विचार साझा करते हुए टाटा स्टील फाउंडेशन के सीईओ सौरव रॉय ने कहा कि विकास का भविष्य केवल समुदायों को हितधारक मानकर नहीं गढ़ा जा सकता, बल्कि इसके लिए उन्हें अनमोल ज्ञान, विचारों और समाधानों के भंडार के रूप में पहचानना जरूरी है. उन्होंने आगे कहा कि सबसे महत्वपूर्ण यह है कि संवाद लोगों का मंच है. यह एक ऐसा स्थान है, जहां कहानियों को सुनने वाले मिलते हैं, लोगों को अपनी बात रखने का अवसर मिलता है और अलग-अलग पीढ़ियों एवं समुदायों के लोग एक साथ आकर अपने ज्ञान और आकांक्षाओं को साझा करते हैं. यहां होने वाली चर्चाएं समुदायों के पास मौजूद समृद्ध ज्ञान और लोगों के एक साथ आने से पैदा होने वाली नई संभावनाओं को सामने लाती हैं. (नीचे भी पढ़े)

संवाद के माध्यम से हमारा प्रयास विचारों, आपसी संबंधों और समझ के ऐसे सिलसिले को आगे बढ़ाना है, जो इन पांच दिनों के बाद भी जारी रहे. ‘जोहार हाट’ और ‘आतिथ्य’ के माध्यम से आगंतुकों को जनजातीय कला, हस्तशिल्प और खानपान से करीब से जुड़ने और उन्हें अनुभव करने का अवसर मिला. लोगों के आकर्षण का केंद्र बने ये स्टॉल गोपाल मैदान में प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9:30 बजे तक खुले रहते हैं. संवाद 2026 का आयोजन जमशेदपुर में 19 नवंबर तक जारी रहेगा. इस दौरान विभिन्न चर्चाओं, अनुभवात्मक सत्रों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, प्रदर्शनियों और फेलोशिप से जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न समुदायों के लोगों और पारंपरिक ज्ञान के जानकारों को एक मंच पर लाया जा रहा है.












