जमशेदपुर : धार्मिक आस्था के साथ ही भारतीय संस्कृति और संस्कार के दायित्व के रूप में गौ सेवा की भावना के साथ मंगलवार, 17 नवंबर से जुगसलाई स्थित टाटानगर गौशाला में गोपाष्टमी महोत्सव सह वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम गौ माता के प्रति श्रद्धा एवं सम्मान प्रकट करने के साथ-साथ गौ सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति समाज में जागरूकता और सहभागिता को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है. (नीचे भी पढ़ें)
टाटानगर गौशाला की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10.00 बजे गौ माता के सामूहिक पूजन एवं आरती के साथ होगा. वहीं संध्या 6:00 बजे गोपाष्टमी अधिवेशन एवं सभा का आयोजन किया जाएगा. इसमें संतों का सान्निध्य प्राप्त होने के अलावा, समाज के गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रहेगी, जबकि गौ सेवा से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श भी किया जाएगा. इस अवसर पर मुख्य वक्ता के रूप में कोलकाता से सीए विनोद अग्रवाल अपने विचार रखेंगे. वहीं आचार्य स्वामी सोमेंद्र महाराज का पावन सानिध्य प्राप्त होगा. कार्यक्रम में आरके फोर्जिंग्स के नरेश जालान मुख्य अतिथि होंगे, जबकि उदितवाणी के संपादक उदित अग्रवाल समारोह का उद्घाटन करेंगे. इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में श्री रामकृष्ण चौधरी (बिजू बाबू), रमेश मेंगोतिया, अनिल मेंगोतिया (तनिष्क), शंभूनाथ मित्तल, विपिन भाई अडेसरा एवं किशन जी सोंथालिया की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी. (नीचे भी पढ़ें)
कार्यक्रम के समापन पर सभी उपस्थित गौभक्तों एवं अतिथियों के लिए स्नेहपूर्वक महाप्रसाद की व्यवस्था की गई है। महाप्रसाद के प्रायोजक श्री संतोष खेतान जी हैं, जिनके सहयोग से यह प्रसाद सेवा संपन्न होगी. श्री टाटानगर गौशाला परिवार ने जमशेदपुर एवं आसपास के सभी गौभक्तों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों, धर्मप्रेमी नागरिकों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार तथा इष्ट-मित्रों सहित इस पावन आयोजन में सम्मिलित होने का आग्रह किया है. साथ ही, सभी से गौसेवा के इस पुनीत अभियान में अपनी सहभागिता एवं सहयोग प्रदान करने की अपील की है. आयोजकों का मानना है कि गौ माता की सेवा एवं संरक्षण केवल किसी एक संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज का सामूहिक दायित्व है. समाज के प्रत्येक व्यक्ति की छोटी-सी सहभागिता भी गौसेवा के इस संकल्प को नई शक्ति प्रदान कर सकती है.












