चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के पंडरासाली थाना क्षेत्र के रेलवे के नए ग्रिड स्टेशन के निर्माणाधीन स्थल के समीप मंगलवार सुबह झाड़ियों में मानव कंकाल का शव बरामद किया गया. कंकाल की पहचान करीब 74-75 वर्षीय धनंजय गौड़ के रूप में की गयी है. वह बीते 30 अगस्त से अपने घर से लापता थे. बताया जाता है कि धनंजय गौड़ के लापता होने के बाद परिजनों ने उनकी काफी खोजबीन की थी.इस संबंध में थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई थी. इसके बावजूद करीब तीन महीने तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया था. परिजन लगातार उनकी तलाश में जुटे थे. मंगलवार सुबह रेलवे के नए ग्रिड स्टेशन के पास झाड़ियों में कंकाल के अवशेष मिलने की सूचना स्थानीय लोगों को मिली. (नीचे भी पढ़े)
मौके पर पहुंचे ग्रामीणों और परिजनों ने वहां मिले कपड़े, चप्पल और एक डायरी के आधार पर अवशेषों की पहचान धनंजय गौड़ के रूप में की. इसकी सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और कंकाल के अवशेषों को अपने कब्जे में लेकर जांच के लिए भेज दिया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.हालांकि परीक्षण के बाद ही पहचान की आधिकारिक पुष्टि तथा मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा. तीन महीने से लापता बुजुर्ग के इस तरह अवशेष मिलने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. इसकी जानकारी मिलने के बाद इलाके में शोक और चर्चा का माहौल है.












