जमशेदपुर: पूर्वी सिंहभूम जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया गया है. पुलिस ने गिरोह के कब्जे से चोरी की कुल 10 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की हैं. इस मामले में छह युवकों के खिलाफ कार्रवाई की गई है, जिनमें पांच विधि-विरुद्ध किशोर शामिल हैं. मिली जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ ऐहतेशाम वकारिब के निर्देश पर जिले में वाहन चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने और इसमें शामिल अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था. इसी क्रम में जादूगोड़ा और धालभूमगढ़ थाना पुलिस की विशेष टीम गठित कर सघन छापेमारी एवं वाहन जांच अभियान शुरू किया गया. (नीचे भी पढ़ें)
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और जांच के आधार पर मोटरसाइकिल चोरी में संलिप्त गिरोह का पता लगाया. इसके बाद कार्रवाई करते हुए छह युवकों को पकड़ा गया. उनकी निशानदेही पर चोरी की 10 स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गईं. पुलिस ने मामले में गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि पांच विधि-विरुद्ध किशोरों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की गई है. पुलिस गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी की घटनाओं में उनकी संलिप्तता की भी जांच कर रही है. इस कार्रवाई को जिले में वाहन चोरी के खिलाफ पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है.












