चेन्नई: एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास ले लिया है. चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके ) ने मंगलवार को रिटेंशन लिस्ट जारी करने से पहले धोनी को टीम का मेंटर बनाया. धोनी की कप्तानी में सीएसके ने 5 आईपीएल और 2 चैंपियंस लीग खिताब जीते हैं. सीएसके के मालिक एन. श्रीनिवासन ने कहा, ‘धोनी के बिना सीएसके की कल्पना नहीं की जा सकती. करीब 20 साल से हमारा साथ है. 2008 में मैंने ही उन्हें टीम में शामिल करने की बात कही थी. यह मेरा सबसे अच्छा फैसला रहा. धोनी हमेशा सीएसके की पहचान रहेंगे और यह टीम उनका घर रहेगी.(नीचे भी पढ़े)
धोनी की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स ने 5 आईपीएल खिताब जीते हैं. इस मामले में सीएसके सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस के बराबर है. धोनी ने टीम को 2 चैंपियंस लीग टी 20 खिताब भी जिताए. इस टूर्नामेंट में किसी कप्तान के नाम इतने खिताब नहीं हैं.धोनी सीएसके के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाले खिलाड़ी हैं. उन्होंने टीम के लिए 272 मैच खेले और 5,314 रन बनाए. वे टीम के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं.सीएसके की मालिक रूपा गुरुनाथ ने कहा, ‘धोनी जैसा खिलाड़ी जिंदगी में एक बार आता है. वे शुरुआत से टीम के साथ हैं और उन्होंने इसकी नींव मजबूत की है. उनकी कप्तानी, सादगी और अनुभव टीम के लिए हमेशा खास रहेंगे. मेंटर के तौर पर वे युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने में मदद करेंगे.












