जमशेदपुर : लोक आस्था का महापर्व छठ आते ही देश के अलग-अलग शहरों में काम करने वाले झारखंड और बिहार के लोग अपने घर लौटने लगते हैं. किसी को ट्रेन का इंतजार रहता है तो कोई बस और फ्लाइट से सफर करता है. लेकिन जब घर पहुंचने की बात हो और सामने छठ महापर्व की खुशियां हों, तो लोग दूरी और सफर की मुश्किलों की भी परवाह नहीं करते. ऐसा ही कुछ देखने को मिला जमशेदपुर में, जहां पुणे के आईटी सेक्टर में काम करने वाले अभिषेक 350 सीसी की अपनी बाइक चलाकर घर पहुंच गए. अभिषेक ने बताया कि उन्हें दिवाली के मौके पर ही घर आना था, लेकिन ट्रेन का टिकट नहीं मिल पा रहा था. काफी इंतजार करने के बाद भी जब टिकट कंफर्म नहीं हुआ, तो छठ महापर्व भी नजदीक आ गया. इसके बाद उन्होंने फ्लाइट का किराया चेक किया, लेकिन पुणे से जमशेदपुर आने-जाने का खर्च करीब 35 से 40 हजार रुपये तक पहुंच रहा था. इतनी बड़ी रकम खर्च करना उनके लिए संभव नहीं था. ऐसे में घर पहुंचने की चाहत और छठ की खुशियों ने उन्हें एक अलग रास्ता चुनने के लिए प्रेरित किया. (नीचे भी पढ़ें)

अभिषेक बताते हैं कि इसी दौरान वह सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो देख रहे थे, जिनमें लोग अपनी बाइक, कार और यहां तक कि ऑटो से भी हजारों किलोमीटर की दूरी तय कर अपने घर पहुंच रहे थे. इन वीडियो को देखने के बाद उनके मन में भी विचार आया कि जब उनके पास खुद की 350 सीसी की बाइक है, तो क्यों न इस बार बाइक से ही जमशेदपुर का सफर तय किया जाए. इसके बाद उन्होंने सफर की तैयारी शुरू कर दी. यात्रा पर निकलने से दो दिन पहले उन्होंने अपनी बाइक की पूरी सर्विसिंग कराई, ताकि रास्ते में किसी तरह की परेशानी न हो. फिर क्या था, अभिषेक ने सुबह करीब 4 बजे पुणे से अपनी यात्रा शुरू कर दी. इस लंबे सफर के दौरान उन्होंने दो प्रमुख जगहों पर ठहराव लिया. पहला स्टॉप नागपुर में और दूसरा संबलपुर में रहा. इसके बाद वह अपनी बाइक से 1500 किलोमीटर की दूरी तय कर जमशेदपुर पहुंच गए. अभिषेक बताते हैं कि उन्होंने रोजाना करीब 500 से 600 किलोमीटर तक बाइक चलाई. हालांकि, उन्होंने सफर के दौरान अपनी शारीरिक क्षमता का भी पूरा ध्यान रखा. जब भी उन्हें महसूस होता कि अब शरीर थक रहा है और आगे गाड़ी चलाना मुश्किल हो सकता है, तो वह तुरंत रुककर आराम करते थे. इस तरह उन्होंने बिना जल्दबाजी किए अपनी मंजिल तक का सफर पूरा किया. (नीचे भी पढ़ें)
इस पूरी यात्रा में उनके खाने-पीने पर करीब 2 हजार रुपये ही खर्च हुए. हालांकि, घर पहुंचने पर परिवार वालों का रिएक्शन देखने लायक था. मां, दादी और नानी उन्हें अचानक बाइक से इतनी दूर से आया देखकर हैरान रह गईं. वहीं, पिता थोड़े नाराज भी हुए और उन्होंने सवाल किया कि इतनी लंबी दूरी बाइक से तय करने की क्या जरूरत थी. लेकिन अभिषेक के लिए घर पहुंचने की खुशी के आगे यह सफर छोटा पड़ गया. अभिषेक कहते हैं कि छठ महापर्व पर परिवार के साथ रहने की खुशी ऐसी थी कि उन्हें रास्ते की दूरी का एहसास ही नहीं हुआ. अब वह मजाकिया अंदाज में कहते हैं कि बाइक से जमशेदपुर तो आ गया, लेकिन अब सोच रहा हूं कि बाइक यहीं छोड़कर वापस पुणे ट्रेन या फ्लाइट से ही चला जाऊं. एक तरफ हजारों किलोमीटर का सफर और दूसरी तरफ अपनों के साथ छठ मनाने की खुशी. अभिषेक की यह यात्रा बताती है कि त्योहारों पर घर लौटने का जज्बा हो, तो लोग रास्ते की मुश्किलों को भी पीछे छोड़ देते हैं.












