जमशेदपुर : प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर की ओर से प्रत्येक वर्ष राष्ट्रीय प्रेस दिवस (16 नवंबर) के उपलक्ष्य में होने वाला कोल्हान स्तरीय पत्रकार सम्मेलन सह सम्मान समारोह इस वर्ष 21 नवंबर 2026 को बिष्टुपुर स्थित माइकल जॉन ऑडिटोरियम में होगा. कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा. समारोह के मुख्य अतिथि जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो होंगे. विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक सरयू राय एवं विधायक पूर्णिमा साहू शामिल होंगे. वहीं, टाटा स्टील के वाइस प्रेसिडेंट कॉरपोरेट सर्विसेज डीबी सुंदर रामम सम्मानित अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे. साथ ही टाटा स्टील कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन के हेड राजेश रंजन डीपीआरओ पंचानन उंराव, विभिन्न सामाजिक, राजनितिक, कॉरपोरेट सेक्टर से जुड़े लोग अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे. (नीचे भी पढ़ें)
इसकी जानकारी प्रेस क्लब ऑफ जमशेदपुर के अध्यक्ष संजीव भारद्वाज ने मंगलवार को रेड क्रॉस सोसाइटी भवन में आयोजित बैठक के दौरान पत्रकारों को दी. बैठक में क्लब के महासचिव विकास श्रीवास्तव, उपाध्यक्ष सुमित झा एवं राकेश सिंह, सह सचिव अमित तिवारी और कोषाध्यक्ष गंगाधर पांडेय उपस्थित थे. समारोह में दिवंगत पत्रकारों के परिजनों, वरिष्ठ पत्रकारों तथा अपने कार्यों के माध्यम से उल्लेखनीय प्रदर्शन करने वाले पत्रकारों को सम्मानित किया जाएगा. पत्रकारिता के क्षेत्र में विशिष्ट योगदान देने वाले पत्रकारों के लिए इस वर्ष भी वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय गंगा प्रसाद कौशल, ध्रुव नारायण सिंह ‘नीरज’ और राधे श्याम अग्रवाल के नाम पर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे. इसके अलावा प्रेस क्लब की सहयोगी संस्थाओं एवं सामाजिक क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा. पत्रकारों और उनके परिवारों को निःशुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में सहयोग कर रहे चिकित्सकों, फिजियोथेरेपी सेंटरों तथा पैथोलॉजी एवं जांच केंद्रों के प्रतिनिधियों को भी समारोह में सम्मान प्रदान किया जाएगा. (नीचे भी पढ़ें)
पत्रकारों के प्रतिभाशाली बच्चों को सम्मानित करने की नई पहल : इस वर्ष प्रेस क्लब ने एक नई पहल करते हुए पत्रकार सदस्यों के प्रतिभाशाली बच्चों को भी सम्मानित करने का निर्णय लिया है. इसका उद्देश्य पत्रकार परिवारों की शैक्षणिक एवं रचनात्मक उपलब्धियों को प्रोत्साहित करना है. समारोह में कोल्हान के तीनों जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम एवं सरायकेला-खरसावां के पत्रकारों के साथ-साथ राज्य के अन्य प्रेस क्लबों के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा.












