आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना अंतर्गत कल्पनापुरी स्थित श्मशान भूमि के समीप घने जंगल में मंगलवार दोपहर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई.हत्या का आरोप मृतक के ही दो साथियों पर है. बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने शराब की बोतल से युवक के सिर और शरीर पर ताबड़तोड़ हमला कर उसकी जान ले ली. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घटना के संबंध में बताया जाता है कि मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे युवक अपने दो साथियों के साथ जंगल के सुनसान इलाके में बैठकर शराब पी रहा था. इसी दौरान किसी बात को लेकर तीनों के बीच विवाद शुरू हो गया. देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई. (नीचे भी पढ़े)
गुस्से में आकर दोनों साथियों ने शराब की बोतल से युवक पर हमला कर दिया. गंभीर चोट लगने के कारण युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई.घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया. त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस हत्या के पीछे की असली वजह का पता लगाने में जुटी है.












