चक्रधरपुर: पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर मंडल रेल अस्पताल में मंगलवार को नई पहल हुई. सीएसआर के तहत उपलब्ध कराई गई 32-स्लाइस एआई युक्त सीटी स्कैन मशीन का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया ने किया.इससे रेलकर्मियों, उनके आश्रितों और आसपास के ग्रामीण मरीजों को अस्पताल में आधुनिक जांच की सुविधा मिलेगी. डीआरएम ने बताया कि कुछ समय पहले सड़क दुर्घटना में घायल एक रेलकर्मी की समय पर सीटी स्कैन जांच नहीं हो पाने के कारण मृत्यु हो गई थी.इस घटना ने उन्हें प्रभावित किया और उन्होंने रेलवे अस्पताल में सीटी स्कैन मशीन उपलब्ध कराने का संकल्प लिया. उनके प्रयासों से इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन के सीएमडी मनोज दुबे के सहयोग से सीएसआर मद में राशि स्वीकृत कराई गई.एक वर्ष बाद अस्पताल को यह मशीन मिली है. डीआरएम ने शिलापट्ट का अनावरण और सीटी स्कैन कक्ष का फीता काटकर उद्घाटन किया. (नीचे भी पढ़े)
इसके बाद दीप प्रज्वलित कर समारोह शुरू किया गया. अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एस.के. मिश्रा ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर उनका स्वागत किया.वहीं डॉ. मिश्रा ने कहा कि सिर में गंभीर चोट, स्ट्रोक, सड़क दुर्घटना और आपात स्थितियों में सीटी स्कैन से बीमारी या चोट की समय रहते पहचान करने में मदद मिलती है. मशीन शुरू होने से सेवारत और सेवानिवृत्त रेलकर्मियों तथा उनके आश्रितों को जांच के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा.इससे उपचार में तेजी आएगी और जरूरतमंद मरीजों को भी लाभ मिलेगा.इस मौके पर अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) अजीतेंद्र त्रिपाठी, अपर मंडल रेल प्रबंधक (इन्फ्रा) अनूप पटेल, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आदित्य चौधरी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक (समन्वय) मनीष कुमार पाठक, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी ऋषभ सिन्हा, वरिष्ठ मंडल इंजीनियर (समन्वय) राम प्रताप मीणा और वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अर्जुन मजूमदार सहित अधिकारी और चिकित्सक उपस्थित थे.












