जमशेदपुर : जमशेदपुर के ग्रामीण इलाका जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के आसनबनी रेलवे स्टेशन निवासी अशोक शर्मा के घर हुई लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने आरोपी सुजय दास को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस ने आरोपी के घर पर छापेमारी कर चोरी के लाखों रुपये मूल्य के सोने-चांदी के गहने भी बरामद किए हैं. मंगलवार को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को घाटशिला जेल भेज दिया गया. जानकारी के अनुसार, बीते 16 नवंबर की अहले सुबह करीब पांच बजे चोरों ने अशोक शर्मा के घर को निशाना बनाया था. (नीचे देखे पूरी खबर)

इस दौरान घर की पांच अलमारियों को तोड़कर करीब तीन लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण चोरी कर लिए गए थे. घटना के बाद अशोक शर्मा के बयान पर जादूगोड़ा थाना में कांड संख्या 50/26, दिनांक 16.11.2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 305(a)/317(2) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई थी. मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सुजय दास को हिरासत में लेकर पूछताछ की. उसकी निशानदेही पर घर में छापेमारी कर चोरी के गहने बरामद किए गए. आरोपी मूल रूप से पोटका थाना क्षेत्र के चंदनपुर का निवासी बताया जाता है. वह जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के दोरका साईं स्थित नारायणपुर गांव में परिवार के साथ किराये के मकान में रहता था. बरामद गहनों में चांदी के तीन जोड़ी पायल, तीन चांदी की चेन, तीन जोड़ी चांदी के बाजूबंद, एक चांदी की कमरधनी, सोने के तीन लॉकेट, एक जोड़ी सोने की कनबाली और पांच सोने की नथिया शामिल हैं. ग्रामीणों के अनुसार, आरोपी पर क्षेत्र में पहले से चोरी की घटनाओं में संलिप्त होने का संदेह था. इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार मकान मालिक से उसे घर खाली कराने का दबाव भी बनाया था, लेकिन उनकी बातों को नजरअंदाज कर दिया गया. ग्रामीणों का दावा है कि जुलाई महीने में भी आरोपी ने भालूकडीह क्षेत्र में जीतन महतो, सुखेंदु भक्त, तरुण हलधर, सरजित भक्त, शक्ति महतो और समीर महतो के घरों को निशाना बनाया था. हालांकि, उस समय साक्ष्य के अभाव में ग्रामीण चुप रहे. अब अशोक शर्मा के घर चोरी के मामले में आरोपी की गिरफ्तारी के बाद क्षेत्र में उसकी कथित पुरानी गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.











