जमशेदपुर : जमशेदपुर के डिमना स्थित एमजीएम अस्पताल के नए भवन में छात्र-छात्राओं को हॉस्टल की सुविधा तो मिल गई है, लेकिन यहां की लिफ्ट लंबे समय से खराब पड़ी हैं. स्थिति यह है कि पीजी और यूजी के छात्र-छात्राओं के साथ रेजिडेंट डॉक्टरों को भी सातवीं और आठवीं मंजिल तक पहुंचने के लिए सीढ़ियों का सहारा लेना पड़ रहा है. हॉस्टल की चारों लिफ्ट पिछले करीब तीन महीने से बंद हैं. इससे छात्रों और डॉक्टरों को रोजाना काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. छात्रों का कहना है कि हॉस्टल की लिफ्ट खराब होने की जानकारी कई बार कॉलेज प्रशासन को दी गई, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ है. (नीचे भी पढ़ें)
दिन में कई बार हॉस्टल से नीचे आने और फिर ऊपर जाने के दौरान सीढ़ियां चढ़ना-उतरना काफी मुश्किल हो जाता है. खासकर रेजिडेंट डॉक्टरों के लिए यह समस्या अधिक गंभीर है, क्योंकि उन्हें अस्पताल के वार्ड, इमरजेंसी और ऑपरेशन थियेटर में घंटों ड्यूटी करनी पड़ती है. जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन (जेडीए) के सचिव डॉ कुणाल कुमार ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक स्थिति है. रेजिडेंट डॉक्टर वार्ड और इमरजेंसी में 24 से 36 घंटे तक लगातार ड्यूटी करते हैं. इसके बाद जब वे आराम करने हॉस्टल लौटते हैं, तो उन्हें आठ मंजिल तक सीढ़ियां चढ़नी पड़ती हैं. पिछले 90 दिनों में कई बार कॉलेज प्रशासन को इस समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. जेडीए अध्यक्ष डॉ. सचिन सेठ ने कहा कि ओपीडी की भारी भीड़ और ऑपरेशन थियेटर में घंटों खड़े रहने के बाद आठ मंजिल सीढ़ियां चढ़ना किसी भी व्यक्ति के लिए बेहद कठिन है. (नीचे भी पढ़ें)
वहीं, जेडीए के कोषाध्यक्ष डॉ दयानंद वर्मा ने कहा कि एमजीएम के रेजिडेंट डॉक्टर दिन-रात मरीजों की जान बचाने और स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारू रखने में लगे रहते हैं, लेकिन उनकी बुनियादी सुविधाओं की ओर अस्पताल प्रशासन का ध्यान नहीं है. तीन महीने से आठ मंजिला हॉस्टल की सभी लिफ्टों का बंद रहना गंभीर लापरवाही है. छात्रों ने बताया कि बॉयज और गर्ल्स हॉस्टल में लगी चारों लिफ्ट पिछले तीन महीने से पूरी तरह बंद हैं. उनका कहना है कि लिफ्ट को चालू हुए अभी एक साल भी पूरा नहीं हुआ है और इतनी जल्दी खराब हो जाना भी जांच का विषय है. (नीचे भी पढ़ें)
छात्रों ने मांग की है कि लिफ्ट लगाने और रखरखाव का जिम्मा संभालने वाली एजेंसी से भी जवाब-तलब किया जाए तथा जल्द से जल्द सभी लिफ्टों को दुरुस्त कराया जाए. इस संबंध में एमजीएम मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के प्राचार्य डॉ संजय कुमार ने कहा कि छात्रों को हो रही परेशानी का उन्हें अफसोस है. लिफ्ट के नियमित रखरखाव के लिए एएमसी (एनुअल मेंटेनेंस कॉन्ट्रैक्ट) कराया जाना है. इसके लिए मुख्यालय को पत्र लिखा गया है. वहां से अनुमति मिलते ही मेंटेनेंस का काम शुरू करा दिया जाएगा.











