जमशेदपुर : सैनिक स्कूल तिलैया में शैक्षणिक सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6 एवं 9 में प्रवेश हेतु अखिल भारतीय सैनिक स्कूल प्रवेश परीक्षा (एआइएसएसइइ 2027) का आयोजन 31 जनवरी 2027 रविवार को किया जाएगा. प्रवेश परीक्षा के लिए इच्छुक अभ्यर्थी 02 दिसंबर 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. आवेदन एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट https://exams.nta.ac.in/sainik-school-society/ के माध्यम से किया जा सकता है. परीक्षा से संबंधित सूचना बुलेटिन सैनिक स्कूल की वेबसाइट पर भी उपलब्ध है. सत्र 2027-28 में सैनिक स्कूल तिलैया में कक्षा 6 में 140 सीटें (126 लड़के एवं 14 लड़कियां) तथा कक्षा 9 में लगभग 25 सीटें (24 लड़के एवं 01 लड़की) प्रवेश के लिए उपलब्ध होने की संभावना है. सीटों की वास्तविक संख्या विद्यालय से उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों एवं नाम वापस लेने वाले विद्यार्थियों की संख्या के आधार पर परिवर्तित हो सकती है. सैनिक स्कूल तिलैया रक्षा मंत्रालय, भारत सरकार का प्रमुख संस्थान है, जो मुख्य रूप से झारखंड के विद्यार्थियों को शिक्षा एवं सैन्य प्रशिक्षण के माध्यम से सशस्त्र बलों में अधिकारी बनने के लिए तैयार करता है. (नीचे भी पढ़ें)
विद्यालय में कुल सीटों में से 67 प्रतिशत सीटें झारखंड के लड़के एवं लड़कियों के लिए तथा 33 प्रतिशत सीटें देश के अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए निर्धारित हैं. प्रवेश अभ्यर्थियों की मेरिट एवं मेडिकल फिटनेस के आधार पर किया जाएगा. सीटों में 15 प्रतिशत अनुसूचित जाति (एससी), 7.5 प्रतिशत अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं 27 प्रतिशत अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी एनसीएल) के लिए आरक्षण का प्रावधान है. इसके अतिरिक्त निर्धारित प्रावधानों के अनुसार शेष सीटों में से 25 प्रतिशत सीटें रक्षा कर्मियों एवं पूर्व सैनिकों के बच्चों के लिए आरक्षित हैं. कक्षा 6 में प्रवेश के लिए 01 अप्रैल 2015 से 31 मार्च 2017 (दोनों तिथियों सहित) के बीच जन्मे लड़के एवं लड़कियां पात्र होंगे. वहीं, कक्षा 9 में प्रवेश के लिए 01 अप्रैल 2012 से 31 मार्च 2014 (दोनों तिथियों सहित) के बीच जन्मे लड़के एवं लड़कियां आवेदन कर सकते हैं.












