जमशेदपुर : शहर में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. बिष्टुपुर-आदित्यपुर पुल गोलचक्कर के समीप स्कूल जा रहे बच्चों से भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक आग लग गई. ऑटो में आग की लपटें उठती देख आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई. जानकारी के अनुसार, ऑटो चालक बच्चों को लेकर स्कूल जा रहा था. इसी दौरान पुल गोलचक्कर के पास अचानक ऑटो में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप लेना शुरू कर दिया. (नीचे भी पढ़ें)
ऑटो में बैठे बच्चों के बीच डर और घबराहट का माहौल बन गया. हालांकि, समय रहते सभी बच्चों को ऑटो से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. इस घटना में किसी भी बच्चे के हताहत होने की सूचना नहीं है. हालांकि, ऑटो में रखे बच्चों के स्कूल बैग आग की चपेट में आ गए और पूरी तरह जलकर राख हो गए. गनीमत रही कि आग फैलने से पहले ही सभी बच्चों को बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया. घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. सुबह-सुबह हुई इस घटना ने बच्चों की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं.












