जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी (शहरी) के तत्वावधान में देश की पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न स्वर्गीय इंदिरा गांधी जी की जयंती के अवसर पर बिष्टुपुर के तिलक पुस्तकालय कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह की अध्यक्षता में किया गया. कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला कांग्रेस प्रभारी शशि भूषण राय, सम्मानित अतिथि के रूप में पूर्व सांसद डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सचिव चंदन सिंह उपस्थित रहे. इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी. कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह ने इंदिरा गांधीजी के जीवन, संघर्ष, राजनीतिक दूरदर्शिता एवं राष्ट्र के प्रति उनके समर्पण पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी जी का संपूर्ण जीवन देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए समर्पित रहा. (नीचे भी पढ़े)
उनके दृढ़ नेतृत्व और साहसिक निर्णयों ने भारतीय राजनीति एवं इतिहास पर अमिट छाप छोड़ी है. मुख्य अतिथि जिला प्रभारी शशि भूषण राय ने इंदिरा गांधी जी के स्वतंत्रता आंदोलन में योगदान और बचपन से ही देशभक्ति एवं राष्ट्रीय चेतना के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि आजादी की लड़ाई के दौरान उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन देश के प्रति निष्ठा और समर्पण की प्रेरणा देता है. वहीं, सम्मानित अतिथि डॉ. प्रदीप कुमार बलमुचू ने इंदिरा गांधी जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल में किए गए ऐतिहासिक एवं अतुलनीय कार्यों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि बैंकों का राष्ट्रीयकरण, हरित क्रांति को बढ़ावा देना तथा देश की सामरिक और अंतरराष्ट्रीय पहचान को मजबूत करना उनके दूरदर्शी नेतृत्व के महत्वपूर्ण उदाहरण हैं. उनका कार्यकाल भारतीय इतिहास में सदैव याद किया जाएगा. कार्यक्रम में उपस्थित सभी कांग्रेसजनों ने इंदिरा गांधी जी के आदर्शों, विचारों और सिद्धांतों पर चलने तथा देश की एकता, अखंडता एवं लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष करने का संकल्प लिया. इस अवसर पर जिला के उपाध्यक्ष, जिला के महामंत्री, जिला के सचिव, प्रखंड अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष, मंच मोर्चा के अध्यक्ष/चेयरमैन एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता शामिल हुए.












