सरायकेला : सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में रविवार को गोलीबारी की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. इस घटना में मोहम्मद फैयाज आलम उर्फ पिजू (37)गोली लगने से घायल हो गया. गोली उसकी कमर को छूते हुए निकल गई. घटना के बाद पुलिस ने तत्काल उसे पीसीआर वाहन से ब्रह्मानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. वहां फिलहाल उसका इलाज चल रहा है. (नीचे भी पढ़ें)

घटना की जानकारी मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन शुरू की. पुलिस ने घटनास्थल से कुछ दूरी पर मो शोएब (20) नामक युवक को हिरासत में लिया है. उससे पूछताछ कर घटना में उसकी भूमिका का पता लगाया जा रहा है. शुरुआती जानकारी के अनुसार घटनास्थल पर दो राउंड गोली चली. (नीचे भी पढ़ें)

घायल के दोस्त और डांगरडीह निवासी मो साजिद ने घटना को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं. उसका कहना है कि इलाके में कथित तौर पर ब्राउन शुगर की बिक्री का विरोध करने पर युवकों के एक समूह ने गोलीबारी की. साजिद के मुताबिक, घटनास्थल पर चार से पांच युवक मौजूद थे. आरोप है कि हमलावरों ने पहले उसे निशाना बनाकर गोली चलाई, लेकिन वह बाल-बाल बच गया. इसके बाद चली दूसरी गोली मोहम्मद फैयाज उर्फ पिजू को लग गई. साजिद ने अयान बच्चा और लक्की नामक युवकों पर गोली चलाने का आरोप लगाया है. हालांकि, ब्राउन शुगर के कारोबार और गोलीबारी में इन युवकों की कथित संलिप्तता की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है. (नीचे भी पढ़ें)
कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि घटना में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें लगातार छापामारी कर रही हैं. हिरासत में लिए गए युवक से पूछताछ की जा रही है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर घटना के कारणों और इसमें शामिल लोगों की भूमिका की जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.














