पोटका: पोटका प्रखंड में ब्रेन मलेरिया का प्रकोप एक बार फिर बढ़ने लगा है. तेंतलापोड़ा पंचायत के चारडीहा गांव में महज 12 घंटे के भीतर एक ही परिवार के दो बच्चों की मौत से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं, परिवार का तीसरा बच्चा गंभीर हालत में एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर में भर्ती है. करीब छह माह पूर्व भी पोटका के विभिन्न गांवों में ब्रेन मलेरिया से सात बच्चों की मौत हुई थी. उस घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर जांच और रोकथाम अभियान चलाया था. अब दोबारा बच्चों की मौत से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है.जानकारी के अनुसार, चारडीहा निवासी सीमांत भूमिज के तीन बच्चे गोबिंद सरदार (5), लक्ष्मण सरदार (8) और प्रिया सरदार (10) मलेरिया से पीड़ित थे. शुक्रवार को तीनों को इलाज के लिए सीएचसी पोटका ले जाया जा रहा था. इसी दौरान रास्ते में ही पांच वर्षीय गोबिंद की मौत हो गई. वहीं, लक्ष्मण और प्रिया को बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर किया गया. शनिवार को इलाज के दौरान प्रिया ने भी दम तोड़ दिया. तीसरे बच्चे लक्ष्मण की हालत गंभीर बनी हुई है.(नीचे भी पढ़े)

61 लोगों की हुई मलेरिया जांच: घटना के बाद शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव में जांच अभियान चलाया. इस दौरान कुल 61 लोगों की मलेरिया जांच की गई. इनमें चारडीहा के 11 ग्रामीणों के अलावा कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय (केजीबीवी), पोटका की 12 छात्राएं भी शामिल थीं..(नीचे भी पढ़े)
शिविर में नहीं कराई गई थी बच्चों की जांच: सीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. सुकांत सीट ने बताया कि तेंतला गांव में 19,21 और 25 नवंबर को मलेरिया जांच शिविर लगाया गया था, लेकिन परिजनों ने बच्चों की जांच नहीं कराई थी. उन्होंने कहा कि समय पर सूचना मिलने पर बच्चों का त्वरित इलाज संभव हो सकता था. प्रखंड में माइक्रोप्लान के तहत प्रतिदिन मलेरिया जांच और दवा वितरण किया जा रहा है.











